सुवा : फिजी शुगर कॉरपोरेशन (FSC) की लाबासा चीनी मिल ने वर्ष 2026 में 9.1:1 का TCTS (टन गन्ना प्रति टन चीनी) अनुपात दर्ज किया है। यह फिजी की चीनी मिलों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ अनुपात है और अन्य मिलों के लिए एक नया मानक माना जा रहा है। फिजी सन की रिपोर्ट के अनुसार, फिजी के चीनी मंत्री तोमासी तुनाबुना ने संसद में बताया कि 9.1:1 के अनुपात का अर्थ है कि लाबासा मिल को एक टन कच्ची चीनी के उत्पादन के लिए 9.1 टन गन्ने की आवश्यकता पड़ी।
पिछले वर्ष की तुलना में बड़ा सुधार
लाबासा मिल के TCTS अनुपात में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2025 में यह अनुपात 11:1 था, जो 2026 में सुधरकर 9.1:1 हो गया। वहीं, FSC की लौतौका मिल ने 11.4:1 और रारावाई मिल ने 11.3:1 का TCTS अनुपात दर्ज किया। वर्ष के दौरान मिलों के संचालन प्रदर्शन में भी सुधार दर्ज किया गया। साप्ताहिक इनसाइड स्टॉप्स बढ़कर 6.3 हो गए, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 5.1 था। दूसरी ओर, साप्ताहिक आउटसाइड स्टॉप्स 2025 के 42.7 टन से घटकर 38.3 टन रह गए।
प्रमाणित गन्ना किस्मों के इस्तेमाल पर जोर
चीनी मंत्री तुनाबुना ने अनुमोदित और प्रमाणित गन्ने की किस्मों की आपूर्ति के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि, इन किस्मों के इस्तेमाल से चीनी उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि गैर-अनुमोदित गन्ने की किस्मों के इस्तेमाल को हतोत्साहित करना जारी रखना चाहिए। साथ ही, देशभर की चीनी मिलों में जले हुए गन्ने की आपूर्ति को भी रोकने की दिशा में प्रयास आवश्यक हैं। मंत्री के अनुसार, लाबासा मिल को अधिक हरे गन्ने और अनुमोदित किस्मों की आपूर्ति ने भी उसके TCTS अनुपात में सुधार करने में योगदान दिया है।


















