सुवा: बढ़ती डीजल कीमतों के बीच गन्ना उद्योग को राहत देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गन्ना ढुलाई करने वाले ट्रक चालकों और मैकेनिकल हार्वेस्टर ऑपरेटरों के लिए ईंधन सब्सिडी का प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा गया है। कृषि मंत्री टोमासी टुनाबुना ने संसद में इसकी जानकारी दी। कृषि मंत्री ने बताया कि, 2026 क्रशिंग सीजन से पहले बढ़ती डीजल कीमतों का असर गन्ना कटाई और परिवहन पर पड़ रहा है। इसे देखते हुए मंत्रालय ने एक उचित ईंधन सब्सिडी योजना तैयार कर कैबिनेट को भेजी है। मंजूरी मिलने के बाद इसका फैसला आने वाले हफ्तों में सार्वजनिक किया जाएगा।
सरकार के अनुसार गन्ना कटाई, परिवहन और मिल संचालन के दौरान करीब 60 लाख लीटर डीजल की खपत होने का अनुमान है। इसमें ट्रक, मैकेनिकल हार्वेस्टर, ट्रैक्टर, लोकोमोटिव और मिलों में उपयोग होने वाले जनरेटर शामिल हैं। मंत्री टुनाबुना ने कहा कि, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और मध्य-पूर्व में जारी तनाव के कारण डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर गन्ना उद्योग पर पड़ रहा है। उन्होंने किसानों से भविष्य को ध्यान में रखते हुए अधिक आत्मनिर्भर बनने और आय के वैकल्पिक स्रोतों पर भी ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि, सरकार पहले ही गन्ना उद्योग के लिए 36 मिलियन डॉलर से अधिक की सहायता राशि मंजूर कर चुकी है। ऐसे में अतिरिक्त वित्तीय मदद सरकार पर और दबाव बढ़ा सकती है, इसलिए सब्सिडी पर अंतिम निर्णय कैबिनेट की मंजूरी के बाद लिया जाएगा। संसद में यह भी सवाल उठाया गया कि, 2026 के लिए अनुमानित गन्ना मूल्य की घोषणा कब होगी, क्योंकि किसान फिजी शुगर कॉर्पोरेशन के साथ नए गन्ना समझौते करने की तैयारी में हैं और ईंधन लागत लगातार बढ़ रही है।

















