गन्ना और चीनी उद्योग के नुकसान को फिजी शुगर कॉरपोरेशन जिम्मेदार : राष्ट्रीय किसान यूनियन

सुवा (फिजी) : राष्ट्रीय किसान यूनियन (NFU) के महासचिव महेंद्र चौधरी ने फिजी शुगर कॉरपोरेशन (FSC) पर गन्ना और चीनी उद्योग को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, चीनी मिलों की खराब कार्यप्रणाली, लापरवाही और प्रबंधन की अक्षमता के कारण गन्ना किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका की हालिया टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि, किसान लगातार गन्ना उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन एफएससी की मिलें समय पर और प्रभावी तरीके से गन्ने की पेराई नहीं कर पा रही हैं।

उन्होंने कहा, गन्ना किसान अपना उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन मिलों की खराब व्यवस्था के कारण उनका परिश्रम व्यर्थ जा रहा है।चौधरी ने पिछले सीजन में रारावाई चीनी मिल में लगी आग का उदाहरण देते हुए कहा कि, मिल को पेराई सत्र के चरम समय में करीब तीन महीने तक बंद रखना पड़ा। इसके कारण बा मिल क्षेत्र में 80 हजार टन से अधिक गन्ना खेतों में ही खड़ा रह गया और उसकी कटाई नहीं हो सकी। उनके अनुसार, इस घटना के चलते करीब 8 हजार टन चीनी उत्पादन का नुकसान हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख डॉलर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि, यह आग एफएससी की लापरवाही का परिणाम थी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

महेंद्र चौधरी ने यह भी दावा किया कि, पिछले तीन वर्षों में मिलों की कार्यक्षमता लगातार खराब हुई है। उन्होंने कहा कि, पिछले वर्ष एक टन चीनी बनाने के लिए औसतन 13 टन गन्ने की आवश्यकता पड़ी, जबकि सामान्य परिस्थितियों में 10 टन गन्ने से एक टन चीनी का उत्पादन होना चाहिए। इससे उद्योग और देश को लगभग 3.5 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि, जब किसान पर्याप्त मात्रा में गन्ना पैदा कर रहे हैं, तो उद्योग की विफलता का दोष किसानों पर नहीं मढ़ा जा सकता।

चौधरी ने एफएससी की वित्तीय स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका दावा है कि, सरकार द्वारा पिछले वर्ष 20 करोड़ डॉलर का कर्ज माफ किए जाने के बावजूद निगम पर 11 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त कर्ज बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में एफएससी की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती गई है। एनएफयू नेता ने चीनी मंत्रालय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि, मिल प्रबंधन और निदेशक मंडल को उनकी विफलताओं के लिए जवाबदेह नहीं ठहराया गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि, चीनी उद्योग में सुधार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और उद्योग को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। चौधरी ने प्रधानमंत्री से चीनी उद्योग चयन समिति और सर्वदलीय उद्योग बैठक जल्द बुलाने की अपील करते हुए कहा कि, गन्ना किसानों और चीनी उद्योग की वास्तविक समस्याओं का समाधान केवल जवाबदेही और प्रभावी नेतृत्व से ही संभव है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here