सुवा : चीनी मंत्रालय ने 2026 क्रशिंग सीजन के दौरान मिलों में खराबी को कम करने के उद्देश्य से लाबासा, लाउटोका और बा — तीनों केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह जानकारी चीनी मंत्री टोमासी तुनाबुना ने लाबासा में आयोजित प्रधानमंत्री गन्ना किसान मिल पुरस्कार कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने कहा कि, इस बार सीजन बिना किसी बड़ी चुनौती के शुरू होने की उम्मीद है। साथ ही चीनी उत्पादन को प्रभावित करने वाली समस्याओं की पहचान के लिए एक व्यवहार्यता अध्ययन भी कराया जाएगा।
मंत्री तुनाबुना ने बताया कि, इस अध्ययन से मंत्रालय को भविष्य में होने वाले नुकसान और उद्योग से जुड़ी चुनौतियों को कम करने के लिए रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, चीनी उद्योग जीवित रहेगा, हमें केवल इसे पुनर्जीवित करने के प्रयासों में मजबूती बनाए रखनी होगी। तुनाबुना ने किसानों से अपील की कि, वे फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (एफएससी) को मिल लक्ष्यों को हासिल करने में सहयोग करें और जली हुई या गैर-स्वीकृत गन्ना किस्मों की जगह हरा गन्ना आपूर्ति करें।
शुगर केन ग्रोअर्स फंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज शर्मा ने एफएससी लाबासा मिल की सराहना करते हुए कहा कि, यह देश की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली मिल है और राष्ट्रीय चीनी उत्पादन में 33 प्रतिशत योगदान दे रही है।उन्होंने कहा कि, यह उपलब्धि उन किसानों की मेहनत का परिणाम है, जो लगातार बड़ी मात्रा में गन्ना लाबासा मिल को उपलब्ध करा रहे हैं।
किसानों को भ्रामक जानकारी से सतर्क रहने की सलाह…
चीनी मंत्री ने गन्ना किसानों से कहा कि, वे चीनी उद्योग से जुड़ी जानकारी के लिए गैर-प्रमुख सोशल मीडिया पेज और अकाउंट्स पर भरोसा न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि, कुछ राजनेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किसानों के बीच कम भुगतान और देरी से भुगतान को लेकर भ्रम फैलाने के लिए किया है। मंत्रालय ने चौथे गन्ना भुगतान के रूप में 12.84 डॉलर जारी करने की पुष्टि की है, जो आने वाले दिनों में किसानों को वितरित किया जाएगा। तुनाबुना ने कहा कि आने वाले हफ्तों में वे देशभर के गन्ना किसानों से मुलाकात करेंगे, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझा जा सके।

















