सरकार द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए प्रमुख फसलों के उत्पादन का अंतिम अनुमान जारी

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए प्रमुख फसलों के उत्पादन के अंतिम अनुमान जारी कर दिये गये हैं। 2022-23 के अंतिम अनुमान के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 3296.87 लाख टन होने का अनुमान है, जो 2021-22 के दौरान प्राप्त 3156.16 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन से 140.71 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, 2022-23 के दौरान उत्पादन पिछले पांच वर्षों (2017-18 से 2021-22) के औसत खाद्यान्न उत्पादन की तुलना में 308.69 लाख टन अधिक है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने खाद्यान्न के रिकॉर्ड उत्पादन पर कहा है कि हमारे किसान भाई-बहन लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिक और संस्थान भी बहुत शानदार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कृषि मंत्रालय योजनाओं एवं कार्यक्रमों को सुचारू रूप से क्रियान्वित कर रहा है, अतः सभी के प्रयासों से कृषि क्षेत्र में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन सहित बेहतर परिणाम परिलक्षित हो रहे हैं।

अंतिम अनुमानों के अनुसार, 2022-23 के दौरान प्रमुख फसलों का अनुमानित उत्पादन इस प्रकार है:

खाद्यान्न- 3296.87 लाख टन

चावल – 1357.55 लाख टन

गेहूं – 1105.54 लाख टन

पोषक/मोटा अनाज – 573.19 लाख टन

मक्का- 380.85 लाख टन

दालें – 260.58 लाख टन

तुअर – 33.12 लाख टन

चना- 122.67 लाख टन

तिलहन- 413.55 लाख टन

मूंगफली- 102.97 लाख टन

सोयाबीन – 149.85 लाख टन

रेपसीड और सरसों- 126.43 लाख टन

गन्ना- 4905.33 लाख टन

कपास- 336.60 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम की)

जूट और मेस्टा – 93.92 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम की)

2022-23 के दौरान चावल का कुल उत्पादन रिकॉर्ड 1357.55 लाख टन होने का अनुमान है। यह पिछले वर्ष के चावल उत्पादन 1294.71 लाख टन से 62.84 लाख टन अधिक है और पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन 1203.90 लाख टन से 153.65 लाख टन अधिक है।

2022-23 के दौरान गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड 1105.54 लाख टन होने का अनुमान है। यह पिछले वर्ष के गेहूं उत्पादन 1077.42 लाख टन से 28.12 लाख टन अधिक है और औसत गेहूं उत्पादन 1057.31 लाख टन से 48.23 लाख टन अधिक है।

पोषक/मोटे अनाज का उत्पादन 573.19 लाख टन अनुमानित है, जो 2021-22 के दौरान प्राप्त 511.01 लाख टन के उत्पादन से 62.18 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, यह औसत उत्पादन से भी 92.79 लाख टन अधिक है। श्री अन्न का उत्पादन 173.20 लाख टन अनुमानित है।

2022-23 के दौरान कुल दलहन उत्पादन 260.58 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत दलहन उत्पादन 246.56 लाख टन से 14.02 लाख टन अधिक है। 2022-23 के दौरान देश में कुल तिलहन उत्पादन रिकॉर्ड 413.55 लाख टन होने का अनुमान है, जो 2021-22 के दौरान तिलहन उत्पादन की तुलना में 33.92 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, 2022-23 के दौरान तिलहन का उत्पादन औसत तिलहन उत्पादन 340.22 लाख टन से 73.33 लाख टन अधिक है।

2022-23 के दौरान देश में गन्ने का कुल उत्पादन 4905.33 लाख टन होने का अनुमान है। 2022-23 के दौरान गन्ने का उत्पादन पिछले वर्ष के 4394.25 लाख टन के गन्ना उत्पादन की तुलना में 511.08 लाख टन अधिक है।

कपास का उत्पादन 336.60 लाख गांठ (प्रत्येक 170 किलोग्राम) होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के कपास उत्पादन की तुलना में 25.42 लाख गांठ अधिक है। जूट और मेस्टा का उत्पादन 93.92 लाख गांठ (प्रत्येक 180 किलोग्राम) होने का अनुमान है।

(Source: PIB)

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here