शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर तेजी से करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए दोहरा मौसम अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक कई इलाकों में लू (हीट वेव) की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा बुलेटिन के अनुसार 26 और 27 मई को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में तेज बढ़ोतरी हो सकती है।
कई जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर के कुछ इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है। अधिकारियों के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। बीते 24 घंटों में ऊना राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं केलांग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
28 मई से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से 28 और 29 मई को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसके साथ कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले जिलों में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 मई के बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी रह सकती है।


















