नई दिल्ली : दिल्ली और मुंबई में मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। खराब मौसम की वजह से कई उड़ानों के समय में बदलाव और देरी की संभावना को देखते हुए प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि, दिल्ली में खराब मौसम का असर उड़ानों के संचालन पर पड़ा है। एयरलाइन ने बताया कि उसकी टीम मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि, वे अपनी उड़ान की ताजा जानकारी कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से लेते रहें। साथ ही बारिश के कारण सड़कों पर धीमी गति से चल रहे यातायात को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। इंडिगो ने कहा कि यात्रियों की हर संभव सहायता के लिए उसकी टीमें पूरी तरह तैयार हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। वहीं, एयर इंडिया ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर प्रतिकूल मौसम का असर पड़ सकता है। एयरलाइन ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की नवीनतम स्थिति की जांच करने की अपील की।
स्पाइसजेट ने भी बताया कि, दिल्ली और मुंबई दोनों शहरों में भारी बारिश के कारण आने-जाने वाली उड़ानों के साथ-साथ कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी प्रभावित हो सकती हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से नियमित रूप से अपनी उड़ानों का अपडेट लेते रहने को कहा है। दिल्ली और मुंबई में मानसूनी बारिश के चलते सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा की पहले से योजना बनाएं और उड़ानों से जुड़े किसी भी बदलाव की जानकारी लगातार प्राप्त करते रहें।
इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आईएमडी ने 7, 8 और 9 जुलाई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार, 7 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की बारिश, कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, दर्ज होने की संभावना है।


















