लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) : संपूर्णानगर किसान सहकारी चीनी मिल द्वारा पेराई सत्र बंद करने की पहली नोटिस जारी होने के बाद क्षेत्र में गन्ना आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। मिल से जुड़े 31 गन्ना क्रय केंद्रों में से 8 केंद्रों को बंद कर दिया गया है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। इन केंद्रों के बंद होने के कारण अब किसानों को अपना गन्ना सीधे चीनी मिल तक ले जाना पड़ रहा है। इससे मिल परिसर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतारें लग गई हैं। गन्ने से लदे वाहनों की लाइन लगभग 2 किलोमीटर से अधिक लंबी हो गई है, जिसके चलते किसानों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
मुख्य गन्ना विकास अधिकारी उदय भान सिंह ने दैनिक ‘भास्कर’ को बताया कि सभी किसानों का गन्ना समय पर खरीदा जाएगा और किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मिल प्रशासन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है। हालांकि, किसानों का कहना है कि गन्ना क्रय केंद्र बंद होने से उन्हें अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और लागत दोनों बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने गन्ना खरीद व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाए रखने की चुनौती बनी हुई है।


















