हैमिल्टन : कनाडा में ग्रेट लेक्स क्षेत्र के सबसे प्रदूषित स्थलों में शामिल रैंडल रीफ की सफाई परियोजना अब पर्यावरण के साथ-साथ आर्थिक विकास का भी बड़ा उदाहरण बन गई है। वर्षों की योजना और राजनीतिक अनिर्णय के बाद 138.9 मिलियन डॉलर की इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। फरवरी 2026 में कनाडा सरकार ने घोषणा की कि, रैंडल रीफ क्षेत्र में मौजूद सभी प्रदूषित तलछट को सफलतापूर्वक सुरक्षित कर लिया गया है। परियोजना 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
इस परियोजना के तहत बनाए गए गहरे पानी वाले नए डॉक अब है मिल्टन बंदरगाह में 135 मिलियन डॉलर की नई चीनी रिफाइनरी के निर्माण का आधार बने हैं। यह रिफाइनरी पूरी क्षमता से शुरू होने के बाद कनाडा की सबसे बड़ी चीनी रिफाइनरी बन जाएगी। सुक्रो कैन कनाडा की नई रिफाइनरी का आधिकारिक उद्घाटन 8 मई 2026 को पियर-15 पर आयोजित समारोह में किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
रिफाइनरी का निर्माण अप्रैल 2024 में शुरू हुआ था और अप्रैल 2026 में पूरा हुआ। यह प्लांट हर साल 10 लाख मीट्रिक टन चीनी प्रोसेस करने की क्षमता रखेगा। संचालन के पहले वर्ष में यहां 10 जहाजों के आने की संभावना है, जिसे 2027 तक बढ़ाकर 14 जहाज किया जाएगा। पियर-15 पर बनी यह रिफाइनरी रैंडल रीफ की लंबे समय से चली आ रही विवादित सफाई परियोजना का परिणाम मानी जा रही है। एक सदी से अधिक समय तक कोयला गैसीकरण, पेट्रोलियम रिफाइनिंग और इस्पात उद्योगों से निकले जहरीले रसायनों ने बंदरगाह क्षेत्र को गंभीर रूप से प्रदूषित कर दिया था।
भारी मात्रा में जहरीले कीचड़ को हटाने के बजाय सरकारों ने सबसे प्रदूषित हिस्से को दोहरी स्टील दीवारों वाले ढांचे से ढंकने और आसपास की गाद को उसी संरचना में भरने का निर्णय लिया है। मिल्टन-ओशावा पोर्ट अथॉरिटी अब इस सुरक्षित क्षेत्र को गहरे पानी वाले समुद्री टर्मिनल के रूप में उपयोग करेगी। नए डॉक के जरिए चीनी रिफाइनरी में आने वाले जहाजों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।
सितंबर 2023 में पोर्ट अथॉरिटी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी इयान हैमिल्टन ने कहा था कि यह बदलाव पर्यावरण संरक्षण और ग्रेट लेक्स की सेहत के प्रति साझा प्रतिबद्धता का बड़ा उदाहरण है। नई हैमिल्टन रिफाइनरी सूखी और तरल रिफाइंड चीनी का उत्पादन करेगी, जिसे ओंटारियो, क्यूबेक और अमेरिका के मिडवेस्ट क्षेत्रों में जलमार्ग, रेल और सड़क नेटवर्क के जरिए पहुंचाया जाएगा।
सुक्रो कैन कनाडा ने वर्ष 2014 में पियर-10 पर अपना संचालन शुरू किया था और 2023 में पियर-15 विस्तार समझौते को अंतिम रूप दिया। फिलहाल इस रिफाइनरी में 65 कर्मचारी कार्यरत हैं और उत्पादन बढ़ने के साथ रोजगार के और अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोनाथन टेलर ने कहा कि यह संयंत्र लंबे समय तक ग्राहकों को भरोसेमंद आपूर्ति देने के उद्देश्य से बनाया गया है। इससे खाद्य निर्माताओं को स्थिर सप्लाई चेन का विकल्प मिलेगा और है। मिल्टन में कुशल रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। हालांकि, इस परियोजना के कर मूल्यांकन को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।


















