एफआरपी–एमएसपी अंतर से संकट गहराया, गन्ना बकाया ने महाराष्ट्र की चीनी मिलों पर बढ़ाया दबाव

मुंबई : महाराष्ट्र में 2025-26 का चीनी सीजन लगभग अपने अंतिम चरण में है। हालांकि, चीनी मिलों और किसानों के सामने एक बड़ी समस्या खड़ी है, वह है बढ़ता हुआ गन्ना बकाया। किसान अभी भी मिलों से ₹4,898 करोड़ के लंबित उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। ‘चीनीमंडी’ से बातचीत में कोल्हापुर जिले में स्थित शाहू शुगर मिल के प्रबंध निदेशक जितेंद्र चव्हाण ने बताया कि, शुगर कमिश्नर कार्यालय हर 15 दिन में गन्ना भुगतान बकाया की समीक्षा करता है। 15 मार्च तक बकाया लगभग ₹5000 करोड़ था।

मौजूदा सीजन में गन्ना बकाया के कारणों पर चव्हाण ने कहा कि, सरकार ने हर साल गन्ने का FRP बढ़ाया है—पिछले 7 वर्षों में लगभग FRP में 26% की वृद्धि हुई है—लेकिन चीनी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में केवल एक बार संशोधन हुआ है, जो अपर्याप्त है। उन्होंने कहा, उद्योग के अनुसार चीनी का उत्पादन खर्च ₹40.60 प्रति किलो है, जबकि वर्तमान में चीनी ₹37 प्रति किलो के भाव पर बिक रही है। यानी उद्योग को प्रति किलो ₹3.50 का नुकसान हो रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वित्तीय संस्थान चीनी के गिरवी पर ₹3250 से ₹3300 प्रति क्विंटल के हिसाब से फाइनेंस दे रहे हैं, जिसमें से ₹2400 गन्ना भुगतान के लिए और ₹850 से ₹900 प्रोसेसिंग, कटाई और परिवहन खर्च के लिए जाते हैं। कुल मिलाकर वित्तीय दबाव के कारण FRP बकाया बढ़ गया है। चव्हाण ने आगे बताया कि, उद्योग ₹2000 करोड़ के हार्वेस्टिंग और ट्रांसपोर्ट (H&T) भुगतान तथा ₹2000 करोड़ के स्टाफ वेतन और सप्लायर्स के भुगतान करने में भी असमर्थ है। चव्हाण ने कहा कि सरकार को चीनी का MSP कम से कम ₹41 प्रति किलो करना चाहिए।

एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम पर उन्होंने कहा कि, सरकार ने मिलों को एथेनॉल उत्पादन क्षमता बढ़ाने को कहा था, लेकिन मोलासेस आधारित डिस्टिलरी से एथेनॉल आवंटन कम है। इससे कई मिलों को निवेश पर नकारात्मक रिटर्न मिल रहा है।उन्होंने कहा, सरकार को बढ़ती इनपुट लागत के अनुरूप एथेनॉल की कीमत बढ़ानी चाहिए और एथेनॉल का आवंटन भी बढ़ाना चाहिए। उद्योग के अस्तित्व के लिए, विशेष रूप से महाराष्ट्र और कर्नाटक में, हमें सरकार से एक स्थिर और दीर्घकालिक नीति की आवश्यकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here