नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के इस बयान के बाद कि उन्हें अक्टूबर में 100% एथेनॉल पर चलने वाली टोयोटा इनोवा के लॉन्च के लिए आमंत्रित किया गया है, भारत के इथेनॉल सफर के अगले चरण यानी फ्लेक्स-फ्यूल व्हीकल्स (FFVs) पर फिर से ध्यान केंद्रित हुआ है। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह घटनाक्रम भारत के एथेनॉल और मोबिलिटी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण समय पर सामने आया है। अब चर्चा केवल पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बात पर भी केंद्रित हो रही है कि भारत में अधिक एथेनॉल वाले ईंधन के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के लिए आवश्यक वाहन तकनीक, ईंधन बुनियादी ढांचा, मूल्य निर्धारण व्यवस्था और उपभोक्ता तंत्र कैसे तैयार किया जाए।
AIDA और IIT दिल्ली ने जारी किया व्हाइट पेपर
इसी पृष्ठभूमि में ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) और IIT दिल्ली ने अपना व्हाइट पेपर “Flex-Fuel Vehicles: Enabling Energy Security and Sustainable Mobility in India” सार्वजनिक किया है। इसमें भारत में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को तेजी से अपनाने के लिए 10 सूत्रीय रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। इस तकनीकी रिपोर्ट के लेखक प्रो. पी. एम. वी. सुब्बाराव, प्रमुख, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग, IIT दिल्ली और सप्तर्षि देब, रिसर्च स्कॉलर, IIT दिल्ली हैं।
रिपोर्ट में भारत को E20 से अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन जैसे E85/E100 की ओर ले जाने के लिए वैज्ञानिक ढांचा प्रस्तुत किया गया है। इसमें वाहन की टिकाऊ क्षमता, ईंधन बुनियादी ढांचे के विस्तार और उपभोक्ताओं की लागत से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह व्हाइट पेपर इस महीने की शुरुआत में आयोजित AIDA ग्रीन एनर्जी सेमिनार 2026 में जारी किया गया था। रिपोर्ट में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को कुछ वाहनों के प्रदर्शन तक सीमित रखने के बजाय बड़े पैमाने पर मोबिलिटी इकोसिस्टम में लागू करने के लिए जरूरी प्रमुख पहलुओं की पहचान की गई है। इनमें वाहन तकनीक, ईंधन की उपलब्धता, रिटेल इंफ्रास्ट्रक्चर, मूल्य निर्धारण, फीडस्टॉक की स्थिरता, उपभोक्ता स्वीकार्यता, वित्तपोषण और दीर्घकालिक बाजार निर्माण शामिल हैं।
एथेनॉल की उपलब्धता से एथेनॉल के उपयोग की ओर
भारत ने घरेलू एथेनॉल इकोसिस्टम तैयार करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। अब अगली चुनौती एथेनॉल की बढ़ती उपलब्धता के अनुरूप वाहन तकनीक और ईंधन बुनियादी ढांचे के जरिए पर्याप्त मांग तैयार करना है। फ्लेक्स-फ्यूल वाहन अलग-अलग अनुपात वाले एथेनॉल-पेट्रोल मिश्रण पर चल सकते हैं, जिनमें काफी अधिक एथेनॉल वाले ईंधन भी शामिल हैं। सरकार यात्री वाहन क्षेत्र में FFV को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठा चुकी है। जून 2026 में भारत का पहला फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन लॉन्च किया गया था।100% एथेनॉल से चलने वाले वाहन को लेकर गडकरी के हालिया बयान ने इस तकनीक को मुख्यधारा की मोबिलिटी चर्चा में और प्रमुखता दी है। रिपोर्टों के अनुसार, मंत्री ने कहा था कि, उन्हें अक्टूबर में टोयोटा की फ्लेक्स-फ्यूल इनोवा के लॉन्च के लिए आमंत्रित किया गया है, जो 100% एथेनॉल पर चलने में सक्षम होगी।
AIDA ने बताया अगला चरण क्यों महत्वपूर्ण
AIDA की उप महानिदेशक भारती बालाजी ने कहा कि, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा अक्टूबर में 100% एथेनॉल फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लॉन्च की जानकारी देना यह दर्शाता है कि स्वच्छ और घरेलू जैव-ईंधन आधारित मोबिलिटी अब दूर की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि, भारत की घरेलू एथेनॉल क्षमता 2,000 करोड़ लीटर से अधिक हो चुकी है और यह क्षेत्र अब विकास तथा मांग विस्तार के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि, IIT दिल्ली के नेतृत्व में तैयार यह व्हाइट पेपर उद्योग जगत, नीति निर्माताओं और उपभोक्ताओं को E85 तथा फ्लेक्स-फ्यूल मोबिलिटी को अपनाने के लिए वैज्ञानिक, मूल्य निर्धारण और बुनियादी ढांचे से जुड़ा रोडमैप उपलब्ध कराता है। रिपोर्ट की प्रतियां सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दी गई हैं ताकि इस राष्ट्रीय बदलाव को दिशा मिल सके।भारती बालाजी के अनुसार, एथेनॉल को लेकर चर्चा अब एक नए चरण में प्रवेश कर रही है। फ्लेक्स-फ्यूल वाहन भारत के मोबिलिटी क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं, ऐसे में अब इनके व्यापक इस्तेमाल के लिए आवश्यक पूरे इकोसिस्टम के निर्माण पर ध्यान देने की जरूरत है।
व्हाइट पेपर की प्रमुख सिफारिशें –
1. वैज्ञानिक आधार के जरिए E20 से जुड़ी चिंताओं का समाधान
इंजन की सेहत और टिकाऊपन को लेकर हाल की चर्चाओं के बीच रिपोर्ट में मानक इंजीनियरिंग प्रोटोकॉल अपनाने की सिफारिश की गई है। इनमें एथेनॉल-अनुकूल सील (FKM/Viton, PTFE), अनुकूलनशील ECU कैलिब्रेशन और अधिक क्षमता वाले फ्यूल इंजेक्टर शामिल हैं। इन उपायों का उद्देश्य इंजन की सुरक्षा और दीर्घकालिक टिकाऊपन सुनिश्चित करना है।
2. प्रति लीटर के बजाय ‘प्रति किलोमीटर लागत’ पर जोर
व्हाइट पेपर में केवल प्रति लीटर कीमत के बजाय प्रति किलोमीटर लागत (₹/किमी) के आधार पर उपभोक्ता मूल्य निर्धारण मॉडल अपनाने की वकालत की गई है। एथेनॉल की ऊर्जा घनत्व पेट्रोल की तुलना में कम होने के कारण रिपोर्ट में E85 पर गतिशील खुदरा छूट का सुझाव दिया गया है। उदाहरण के तौर पर, पेट्रोल की तुलना में लगभग 25% की कीमत छूट ऐसी स्थिति बना सकती है, जिसमें उपभोक्ता को तय दूरी तय करने पर अतिरिक्त लागत न उठानी पड़े।
3. दोपहिया वाहनों पर विशेष ध्यान
भारत की पेट्रोल खपत में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 60% से अधिक है। इसलिए व्हाइट पेपर में दोपहिया क्षेत्र के लिए विशेष इथेनॉल रणनीति तैयार करने का सुझाव दिया गया है, ताकि कच्चे तेल के आयात में कमी लाने की क्षमता को अधिकतम किया जा सके।
4. किसानों को आर्थिक लाभ
फ्लेक्स-फ्यूल इकोसिस्टम के विस्तार से फीडस्टॉक के लिए केवल गन्ने पर निर्भरता कम करके मक्का और कृषि अवशेषों (2G) का भी इस्तेमाल बढ़ाया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, इससे स्थानीय स्तर पर मूल्यवर्धन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण आय के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
समन्वित प्रयास की जरूरत
व्हाइट पेपर में जोर दिया गया है कि फ्लेक्स-फ्यूल मोबिलिटी की ओर बदलाव के लिए केवल एक क्षेत्र में हस्तक्षेप पर्याप्त नहीं होगा। इसके लिए ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, जैव-ईंधन, कृषि और नीति व्यवस्था से जुड़े सभी पक्षों के बीच समन्वित कार्रवाई जरूरी होगी।
भारत के एथेनॉल मोबिलिटी सफर का नया अध्याय
यह व्हाइट पेपर ऐसे समय में सामने आया है, जब भारत में एथेनॉल को लेकर नीतिगत चर्चा अब केवल ब्लेंडिंग लक्ष्यों तक सीमित नहीं रह गई है। इसका दायरा बढ़कर ऊर्जा सुरक्षा, घरेलू ईंधन के विकल्प और तकनीक आधारित मोबिलिटी समाधानों तक पहुंच गया है।

















