मुंबई : गोदावरी बायोरिफाइनरीज लिमिटेड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का समेकित कुल राजस्व सालाना आधार पर 26.6 प्रतिशत बढ़कर 549.8 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी की ओर से जारी निवेशक रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान परिचालन आय में सुधार हुआ और घाटे में भी उल्लेखनीय कमी आई।
मुंबई स्थित गोदावरी बायोरिफाइनरीज खुद को भारत की प्रमुख एकीकृत बायोरिफाइनरी कंपनियों में से एक बताती है। कंपनी इथेनॉल उत्पादन के साथ बायो-बेस्ड स्पेशियलिटी केमिकल्स के क्षेत्र में भी काम करती है। कंपनी की ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (EBITDA) Q2 FY27 में बढ़कर 10.9 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 4.4 करोड़ रुपये के नकारात्मक स्तर पर थी। कंपनी ने बताया कि इस EBITDA आंकड़े में अन्य आय भी शामिल है। EBITDA मार्जिन भी पिछले साल के माइनस 1.0 प्रतिशत से सुधरकर 2.0 प्रतिशत हो गया।
कंपनी का शुद्ध घाटा यानी कर के बाद घाटा (PAT) पिछले साल की समान अवधि के 41.6 करोड़ रुपये से घटकर 15.2 करोड़ रुपये रह गया। PAT मार्जिन भी माइनस 9.6 प्रतिशत से सुधरकर माइनस 2.8 प्रतिशत हो गया। हालांकि, क्रमिक आधार पर कंपनी का राजस्व Q1 FY27 के 559.9 करोड़ रुपये से कम रहा। इसके बावजूद EBITDA 2.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 10.9 करोड़ रुपये हो गया और शुद्ध घाटा 19.3 करोड़ रुपये से घटकर 15.2 करोड़ रुपये रह गया।30 सितंबर 2026 को समाप्त पहली छमाही (H1 FY27) में कंपनी का कुल राजस्व 968.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,109.7 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA भी 2.1 करोड़ रुपये से बढ़कर 13.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान EBITDA मार्जिन 0.2 प्रतिशत से सुधरकर 1.2 प्रतिशत रहा। वहीं, शुद्ध घाटा 57.6 करोड़ रुपये से घटकर 34.6 करोड़ रुपये रह गया।
बायो-बेस्ड केमिकल्स कारोबार से मिला मजबूत सहारा
कंपनी के प्रदर्शन में सुधार की सबसे बड़ी वजह बायो-बेस्ड केमिकल्स कारोबार रहा। इस सेगमेंट का तिमाही राजस्व पिछले साल के 147.1 करोड़ रुपये से बढ़कर 204.2 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, सेगमेंट EBITDA 15 करोड़ रुपये से बढ़कर 22.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका EBITDA मार्जिन भी 10.2 प्रतिशत से सुधरकर 10.8 प्रतिशत हो गया।पहली छमाही में इस सेगमेंट का राजस्व 372.9 करोड़ रुपये और EBITDA 41.2 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान EBITDA मार्जिन 11.1 प्रतिशत दर्ज किया गया।
चीनी और एथेनॉल कारोबार में चुनौतियां बरकरार
एकीकृत चीनी, सह-उत्पादन (को-जनरेशन) और एथेनॉल कारोबार का तिमाही राजस्व 275.7 करोड़ रुपये से बढ़कर 334.2 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, इस सेगमेंट का EBITDA घाटा पिछले साल के 18.4 करोड़ रुपये से घटकर 8.7 करोड़ रुपये रह गया। पहली छमाही में इस सेगमेंट का राजस्व 712.1 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA घाटा थोड़ा बढ़कर 23.3 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह घाटा 22.7 करोड़ रुपये था। Q2 FY27 में कंपनी के परिचालन राजस्व 549.2 करोड़ रुपये में एकीकृत चीनी और इथेनॉल कारोबार की हिस्सेदारी 61 प्रतिशत रही। वहीं, बायो-बेस्ड केमिकल्स का योगदान 37 प्रतिशत और बिना आवंटित राजस्व की हिस्सेदारी 2 प्रतिशत रही।
अध्यक्ष समीर सोमैया ने क्या कहा?
गोदावरी बायोरिफाइनरीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक समीर सोमैया ने कहा कि, Q2 FY27 कंपनी के लिए उत्साहजनक रही। बायो-बेस्ड केमिकल्स कारोबार में मजबूत वृद्धि और परिचालन प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। चीनी और इथेनॉल उद्योग में लगातार चुनौतियों के बावजूद परिचालन दक्षता, कारोबार में विविधता और अनुशासित क्रियान्वयन पर ध्यान देने से कंपनी की कारोबारी स्थिति मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि, बायो-बेस्ड केमिकल्स कारोबार के राजस्व में सालाना आधार पर लगभग 39 प्रतिशत और सेगमेंट EBITDA में करीब 47 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पहले किए गए उत्पादन क्षमता से जुड़ी बाधाओं को दूर करने के प्रयासों का सकारात्मक असर अब कारोबारी प्रदर्शन और मुनाफे पर दिखाई दे रहा है। कंपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसरों का लाभ उठाने के लिए क्षमता के बेहतर उपयोग, प्रक्रिया में सुधार और नए उत्पादों के विकास पर काम कर रही है।
चीनी और एथेनॉल कारोबार के बारे में उन्होंने कहा कि मौसम संबंधी अनिश्चितताओं, गन्ने की उपलब्धता और कच्चे माल की बढ़ती लागत के कारण परिचालन परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं। इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के रस और बी-हैवी शीरे के इस्तेमाल पर हालिया नीतिगत प्रतिबंधों ने उद्योग की मुश्किलें बढ़ाई हैं। हालांकि, अनाज आधारित डिस्टिलरी की बढ़ी हुई क्षमता से कंपनी को बाजार की परिस्थितियों के अनुसार उत्पादन में बदलाव करने की अधिक सुविधा मिली है।
कैंसर रोधी अणु के लिए अमेरिकी पेटेंट
सोमैया ने बताया कि, नवाचार कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कंपनी को अपने नए कैंसर रोधी अणु के लिए अमेरिकी पेटेंट मिला है। इसके अलावा, कैंसर रोधी फार्मास्युटिकल कंपोजिशन और बायो-बेस्ड रबर रीइन्फोर्समेंट तकनीक के लिए यूरोपीय पेटेंट भी प्राप्त हुए हैं। एंटीवायरल कंपाउंड्स के लिए चीन और मैक्सिको में भी कंपनी को पेटेंट दिए गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि, विनिर्माण क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रयासों के लिए कंपनी को FICCI केमिकल्स एंड पेट्रोकेमिकल्स अवॉर्ड्स 2026 में ‘मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस इनोवेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
भविष्य की योजनाओं के बारे में सोमैया ने कहा कि, कंपनी का ध्यान बायो-बेस्ड केमिकल्स पोर्टफोलियो का विस्तार करने, भारत के जैव ईंधन कार्यक्रम के अनुरूप एथेनॉल कारोबार को मजबूत बनाने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और कच्चे माल की उपलब्धता में लचीलापन लाने पर रहेगा। उत्पादन संबंधी बाधाओं को दूर करने, नई तकनीकों और उत्पाद नवाचार में निवेश के जरिए कंपनी कारोबार में विविधता, परिचालन मजबूती और दीर्घकालिक सतत विकास को बढ़ावा देगी।


















