नई दिल्ली: भारत का एथेनॉल उद्योग नए निवेश और क्षमता विस्तार के लिए तैयार है, क्योंकि केंद्र सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के अगले चरण को लागू करने के लिए नियामकीय ढांचे को तेजी से आगे बढ़ा रही है। यह जानकारी ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) ने दी है।AIDA की उपमहानिदेशक भारती बालाजी ने ‘बिजनेस टुडे’ से बातचीत में कहा कि, उद्योग पहले ही पर्याप्त उत्पादन क्षमता विकसित कर चुका है और अब उच्च एथेनॉल मिश्रण के लिए सरकार से स्पष्ट रोडमैप का इंतजार कर रहा है।उन्होंने कहा, वर्तमान में उद्योग के पास अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मौजूद है और वह अधिक मात्रा में एथेनॉल की आपूर्ति करने में पूरी तरह सक्षम है।
एथेनॉल उत्पादन क्षमता 2,000 करोड़ लीटर तक पहुंची…
भारती बालाजी के अनुसार, देश की कुल स्थापित एथेनॉल उत्पादन क्षमता वर्तमान में लगभग 2,000 करोड़ लीटर प्रतिवर्ष है। एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2025-26 के दौरान तेल विपणन कंपनियों (OMCs) द्वारा लगभग 1,100 करोड़ लीटर एथेनॉल की खरीद किए जाने की संभावना है। इसके अलावा, यदि लगभग 300 करोड़ लीटर एथेनॉल का उपयोग पेय पदार्थ उद्योग, औषधि क्षेत्र और रासायनिक उद्योगों में भी किया जाए, तब भी उद्योग के पास करीब 700 करोड़ लीटर अतिरिक्त उत्पादन क्षमता उपलब्ध रहेगी।
उच्च एथेनॉल मिश्रण से खुलेगा विकास का नया अध्याय…
सरकार वर्तमान एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से आगे बढ़कर उच्च मिश्रण स्तरों पर विचार कर रही है। उद्योग का मानना है कि इससे एथेनॉल क्षेत्र के विकास का नया दौर शुरू होगा। भारती बालाजी ने कहा कि, देशभर की डिस्टिलरी कंपनियां उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नए निवेश करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए सरकार को दीर्घकालिक और स्पष्ट नीति प्रदान करनी होगी।उन्होंने कहा, यदि उच्च एथेनॉल मिश्रण के लिए स्पष्ट रोडमैप जारी किया जाता है, तो डिस्टिलर्स देशभर में बड़े पैमाने पर निवेश और विस्तार करने के लिए तैयार हैं।
कार्बन उत्सर्जन में हुई उल्लेखनीय कमी…
AIDA का अनुमान है कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के कारण अब तक पर्यावरण को महत्वपूर्ण लाभ मिला है। इसके चलते लगभग 8.69 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई है। उद्योग का मानना है कि, एथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देकर भारत न केवल आयातित पेट्रोलियम पर निर्भरता कम कर सकता है, बल्कि जलवायु परिवर्तन से निपटने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
विविध फीडस्टॉक नीति बनी बड़ी ताकत…
भारती बालाजी ने कहा कि, भारत के एथेनॉल कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही है कि सरकार ने एथेनॉल उत्पादन के लिए विभिन्न प्रकार के कच्चे माल (फीडस्टॉक) के उपयोग की अनुमति दी है।इससे उत्पादक उपलब्धता और आर्थिक परिस्थितियों के अनुसार गन्ना, मक्का और अन्य कृषि आधारित कच्चे माल का उपयोग कर सकते हैं, जिससे उत्पादन अधिक लचीला और टिकाऊ बनता है।
देश में 370 डिस्टिलरी कर रही हैं एथेनॉल उत्पादन…
वर्तमान में भारत में लगभग 370 डिस्टिलरी इकाइयां एथेनॉल उत्पादन से जुड़ी हुई हैं। बढ़ती मांग और नई नीतिगत संभावनाओं को देखते हुए इनमें से कई कंपनियां अपनी क्षमता विस्तार योजनाओं का मूल्यांकन कर रही हैं। AIDA ने उच्च एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देने के लिए सरकार से फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को प्रोत्साहन देने की मांग भी की है। संघ ने सुझाव दिया है कि, ऐसे वाहनों पर जीएसटी कम किया जाए तथा राज्य सरकारें सड़क कर और पंजीकरण शुल्क में भी राहत दें। इसके अलावा एथेनॉल ईंधन वितरण अवसंरचना के विकास और उपभोक्ताओं के लिए आकर्षक मूल्य निर्धारण की भी मांग की गई है।
एथेनॉल आधारित चूल्हों पर भी चल रहा अध्ययन…
परिवहन क्षेत्र के अलावा एथेनॉल के अन्य उपयोगों पर भी काम किया जा रहा है। भारती बालाजी ने बताया कि AIDA देश में एथेनॉल की खपत बढ़ाने के उद्देश्य से एथेनॉल आधारित खाना पकाने वाले चूल्हों की संभावनाओं का अध्ययन कर रहा है।विशेषज्ञों का मानना है कि, यदि एथेनॉल का उपयोग परिवहन के साथ-साथ घरेलू ऊर्जा क्षेत्र में भी बढ़ता है, तो इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा और जैव ईंधन अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।


















