नई दिल्ली: केंद्र सरकार के खाद्य मंत्रालय ने 26 मई को जून 2026 के लिए घरेलू बिक्री हेतु 22.5 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) चीनी का मासिक कोटा निर्धारित किया है। यह कोटा मई 2026 के बराबर है, जबकि अप्रैल 2026 में यह 23 एलएमटी था।पिछले वर्ष जून 2025 में सरकार ने घरेलू बाजार में बिक्री के लिए 23 एलएमटी चीनी का कोटा जारी किया था।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, जून 2026 के लिए मई के समान कोटा तय करने के पीछे सरकार का उद्देश्य चीनी की मांग को संतुलित बनाए रखना है। पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण स्थिति और मानसून की शुरुआत को देखते हुए अनुमान है कि चीनी की मांग सामान्य बनी रह सकती है। आमतौर पर अप्रैल और मई के दौरान गर्मी के कारण चीनी की खपत अधिक रहती है। मानसून शुरू होने के बाद इसमें कुछ कमी देखने को मिलती है। ऐसे में बाजार जानकारों का मानना है कि इस कोटा घोषणा के बाद चीनी बाजार सीमित दायरे में बना रह सकता है। देशभर में अधिकांश चीनी मिलों का पेराई सत्र समाप्त हो चुका है। इसलिए सरकार फिलहाल चीनी की खपत और उपलब्धता पर सावधानीपूर्वक नजर बनाए हुए है। मांग और आपूर्ति की स्थिति के आधार पर आगे के महीनों में कोटा तय किया जाएगा।

















