सूखे पर दो दिनों में शासन निर्णय; खरीफ के साथ रबी नुकसान का भी होगा विचार : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की बड़ी घोषणा

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र) : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की कि, राज्य के सूखाग्रस्त किसानों को राहत देने के लिए अगले दो दिनों में सूखे को लेकर शासन निर्णय जारी किया जाएगा। साथ ही किसानों को मदद देने की घोषणा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया की, किसानों को सहायता देते समय केवल खरीफ फसलों के नुकसान को ही नहीं, बल्कि रबी सीजन में हुए नुकसान को भी ध्यान में रखा जाएगा। लातूर जिले के खरोसा में किसानों से संवाद करने के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह ऐलान किया। सूखाग्रस्त क्षेत्रों में फसल नुकसान का पंचनामा केवल कानूनी प्रावधानों के तहत किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा, पंचनामा प्रक्रिया में किसानों को उलझाए रखने का सरकार का कोई इरादा नहीं है।सुखा प्रभावित सभी किसानों को सहायता दी जाएगी।

लातूर में स्थिति गंभीर

ChiniMandi WhatsApp Channel

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि लातूर जिले में फसलों की स्थिति बेहद गंभीर है। इससे पहले पड़े सूखे के दौरान जिले में करीब 63 प्रतिशत बारिश हुई थी, जबकि इस वर्ष बारिश का स्तर करीब 50 प्रतिशत तक रह गया है। इसके कारण फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। सूखे की स्थिति को देखते हुए नागरिकों के लिए पीने के पानी और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी, ऐसा फडणवीस ने कहा। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा, “चिंता न करें और हिम्मत न हारें। अगले तीन-चार महीने हमें एक-दूसरे का साथ देना होगा। इस मुश्किल समय में सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।”

लंबित जलापूर्ति योजनाओं के भुगतान सरकार करेगी

ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जिन जलापूर्ति योजनाओं के भुगतान लंबित हैं, उनका भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है, ऐसा मुख्यमंत्री ने बताया। राज्य के प्रत्येक गांव में पीने का पानी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, उन्होंने स्पष्ट किया।

1972 के सूखे से भी गंभीर स्थिति

खरोसा में विधायक अभिमन्यु पवार ने तालुका की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मदद की मांग की। इस दौरान गांव के किसान सूखे हुए सोयाबीन की फसल लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। किसानों ने फसल नुकसान की गंभीर स्थिति मुख्यमंत्री के सामने रखी। मौजूदा स्थिति 1972 के सूखे से भी गंभीर होने की बात स्वीकार करते हुए फडणवीस ने कहा कि अगले दो दिनों में सूखे को लेकर शासन निर्णय जारी किया जाएगा।

धाराशिव में भी किसानों से संवाद

लातूर जिले के दो गांवों का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री धाराशिव जिले के करजखेडा और येरमाळा में भी किसानों से संवाद करेंगे। इस दौरे के दौरान सूखाग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही सरकार द्वारा लागू की जाने वाली विभिन्न उपाययोजनाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। इस बीच, सूखाग्रस्त क्षेत्रों में राहत एवं बचाव उपायों को गति देने के लिए जिला स्तर पर ‘वॉर रूम’ शुरू करने का निर्णय लिया जा रहा है। इसके माध्यम से पानी, चारा, फसल नुकसान और अन्य जरूरी समस्याओं पर प्रशासन द्वारा समन्वय के साथ कार्रवाई करने की योजना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here