चीनी कारोबारियों के स्टॉक पर सरकार का शिकंजा: 4,000 से घटाकर 2,000 क्विंटल की सीमा

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने चीनी कारोबारियों (डीलर्स) के लिए स्टॉक रखने की सीमा घटा दी है। अब देशभर में डीलर्स अधिकतम 2,000 क्विंटल चीनी ही स्टॉक में रख सकेंगे। पहले यह सीमा 4,000 क्विंटल थी। नई व्यवस्था 15 सितंबर 2026 से लागू हो गई है। हालांकि, कोलकाता और उसके विस्तारित महानगरीय क्षेत्रों को इस नियम से छूट दी गई है। इन क्षेत्रों में डीलर्स पहले की तरह अधिकतम 4,000 क्विंटल चीनी का स्टॉक रख सकेंगे।

DFPD ने जारी किया संशोधन

ChiniMandi WhatsApp Channel

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) ने 1 सितंबर 2026 को जारी संशोधन के जरिए 28 जुलाई के आदेश में निर्धारित स्टॉक सीमा में बदलाव किया है। नई सीमा देशभर में लागू होगी, जबकि कोलकाता और विस्तारित महानगरीय क्षेत्रों के लिए 4,000 क्विंटल की पुरानी सीमा बरकरार रखी गई है। सरकार का यह कदम घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और त्योहारी सीजन के दौरान कारोबारियों द्वारा जरूरत से ज्यादा स्टॉक जमा करने पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

30 दिनों से ज्यादा चीनी रखने की अनुमति नहीं

संशोधित नियमों में एक महत्वपूर्ण प्रावधान पहले की तरह कायम रखा गया है। इसके तहत डीलर्स चीनी प्राप्त होने की तारीख से 30 दिनों से अधिक समय तक उसका स्टॉक नहीं रख सकेंगे। अर्थात कारोबारियों को अपनी खरीद और बिक्री की योजना इस तरह बनानी होगी कि निर्धारित अवधि के भीतर स्टॉक बाजार में भेजा जा सके।

कोलकाता को क्यों मिली अलग सीमा?

DFPD ने स्पष्ट किया है कि, 4,000 क्विंटल की छूट कोलकाता और उन विस्तारित महानगरीय क्षेत्रों पर लागू होगी, जिनका उल्लेख दिसंबर 1964 में पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से जारी अधिसूचना की अनुसूची में किया गया था। इस तरह देश के अधिकांश हिस्सों में स्टॉक सीमा 2,000 क्विंटल रहेगी, जबकि अधिसूचना में शामिल कोलकाता क्षेत्र में 4,000 क्विंटल की सीमा लागू होगी।

30 नवंबर तक लागू रहेगा नया नियम

संशोधित स्टॉक सीमा 15 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। यह अवधि त्योहारी सीजन के दौरान चीनी की बढ़ी हुई मांग को ध्यान में रखते हुए तय की गई है। सरकार का उद्देश्य चीनी की सप्लाई चेन में इसकी व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करना, जमाखोरी पर अंकुश लगाना और बाजार में सट्टा आधारित स्टॉक जमा होने से रोकना है।

डीलर्स और चीनी मिलों पर भी जिम्मेदारी

नई व्यवस्था के तहत डीलर्स को 15 सितंबर से अपनी इन्वेंट्री को संशोधित सीमा के अनुरूप करना होगा। DFPD ने चीनी कारोबारियों के लिए स्टॉक घोषणा और पंजीकरण से संबंधित अलग-अलग आवश्यकताएं भी निर्धारित की हैं। वहीं, चीनी मिलों को निर्देश दिया गया है कि वे डीलर्स को चीनी की आपूर्ति करने से पहले स्टॉक सीमा से जुड़े नियमों के अनुपालन की निगरानी करें।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here