लखनऊ : गन्ना किसानों के हितों की रक्षा और चीनी उद्योग में परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। गन्ना विकास विभाग अब गन्ना ढुलाई करने वाले वाहनों की GPS आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग की व्यवस्था लागू करने जा रहा है। गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस. ने बताया कि, नई डिजिटल व्यवस्था के तहत गन्ना क्रय केंद्र से लेकर चीनी मिल के गेट तक गन्ना ले जाने वाले सभी वाहनों की GPS के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके लिए केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से अधिकारी 24 घंटे गन्ने से लदे वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेंगे।
गन्ना आपूर्ति में आएगी पारदर्शिता
GPS आधारित रियल-टाइम निगरानी से गन्ना ढोने वाले वाहनों के रास्ते में होने वाले अनावश्यक विलंब, अनधिकृत ठहराव और संभावित गड़बड़ियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। इससे चीनी मिलों तक गन्ने की आपूर्ति व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगी। गन्ना आपूर्ति श्रृंखला को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए विभाग व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इस व्यवस्था का सीधा लाभ गन्ना किसानों को मिलने की उम्मीद है।
कटाई के 24 घंटे के भीतर मिल पहुंचेगा गन्ना
गन्ना आयुक्त ने बताया कि खेत में गन्ने की कटाई के बाद उसे चीनी मिल तक पहुंचने में कई बार काफी समय लग जाता है। इस दौरान धूप और हवा के कारण गन्ना सूखने लगता है, जिससे उसके वजन पर असर पड़ सकता है। नई व्हीकल ट्रैकिंग व्यवस्था लागू होने के बाद गन्ने की कटाई के 24 घंटे के भीतर उसे चीनी मिल तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
वजन में कमी और आर्थिक नुकसान से मिलेगी राहत
समय पर गन्ना मिल पहुंचने से उसकी ताजगी और प्राकृतिक वजन बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे परिवहन में देरी के कारण होने वाली वजन की कमी कम होगी और किसानों को संभावित आर्थिक नुकसान से राहत मिलेगी। GPS ट्रैकिंग के जरिए गन्ना परिवहन पर चौबीसों घंटे निगरानी से गन्ना आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।



















ganna mai और भी dallale chyai
Cheune, milk ke dBang transport.ke. Driver rastemien ganne se Lord track say. Ganna utarkar kolu mein bech dete hain.mirganj.chini.mil ka