बिहार के गन्ना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! 18 महीने में दो बार फसल, बढ़ सकती है आमदनी

समस्तीपुर : बिहार के गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती की एक नई तकनीक उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है। इस तकनीक के जरिए किसान एक ही खेत से महज 18 महीने में दो बार गन्ने की फसल ले सकेंगे। इससे कम समय में उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आमदनी में भी इजाफा होने की उम्मीद है।जागरण में प्रकाशित खबर के मुताबिक, समस्तीपुर के रोसड़ा प्रखंड स्थित ढरहा गांव में अर्धसालिन गन्ने की खेती की शुरुआत की गई है। इस पहल को गन्ना किसानों के लिए खेती में बदलाव लाने वाला कदम माना जा रहा है।

बिरला ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज सिंह ने ढरहा गांव में अर्धसालिन गन्ने की खेती का औपचारिक शुभारंभ किया। गन्ना किसान गणेश प्रसाद राय और महेश प्रसाद राय के खेत में फीता काटकर CO 0238 किस्म के गन्ने की रोपाई शुरू की गई।इस मौके पर पंकज सिंह ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस आधुनिक खेती पद्धति को अपनाने की अपील की।पंकज सिंह ने कहा कि, अर्धसालिन गन्ने की खेती किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। इस तकनीक के तहत किसान एक ही खेत में 18 महीने के भीतर दो बार गन्ने का उत्पादन कर सकेंगे।इससे किसानों को दोहरा लाभ मिलने की संभावना है। एक ओर उत्पादन चक्र कम होगा, वहीं दूसरी ओर किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सीईओ ने किसानों से खेती में आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि, किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए बिरला ग्रुप की ओर से बेहतर बीज, तकनीकी सलाह और समय-समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।पंकज सिंह ने यह भी बताया कि, हसनपुर चीनी मिल के गन्ना क्षेत्र में बंद पड़े सभी नलकूपों को जल्द शुरू किया जाएगा। सरकार के साथ साझा कार्यक्रम के तहत सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।नलकूपों के दोबारा चालू होने से किसानों को सिंचाई के लिए काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

किसानों ने अर्धसालिन गन्ने की खेती और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने की इस पहल का स्वागत किया। किसानों का कहना है कि नई तकनीक से गन्ने का उत्पादन बढ़ने के साथ उनकी आमदनी में भी वृद्धि हो सकती है। कार्यक्रम में हसनपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक अशोक कुमार गुप्ता, केन एडवाइजर शंभू प्रसाद राय, उप महाप्रबंधक रामाशंकर प्रसाद, उप प्रबंधक (गन्ना) अतुल कुमार मिश्रा, ईख पदाधिकारी रमण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here