नई दिल्ली: डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड पर उत्तर प्रदेश के वस्तु एवं सेवा कर विभाग (UP-GST) के सहायक आयुक्त ने ई-वे बिल में विसंगतियों के मामले में 1,55,301 रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी ने 8 अक्टूबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को नियामकीय जानकारी देते हुए इसकी पुष्टि की। कंपनी के अनुसार, यह जुर्माना वस्तु एवं सेवा कर (GST) अधिनियम की धारा 129(1)(a) के तहत लगाया गया है। इस संबंध में आदेश 7 अक्टूबर को कंपनी को प्राप्त हुआ था। यह आदेश GST अधिनियम की धारा 129(3) के तहत जारी किया गया है।
ई-वे बिल की समयसीमा समाप्त होने और वाहन नंबर में अंतर का मामला
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कुछ ई-वे बिलों की वैधता अवधि समाप्त होने और वाहन पंजीकरण संख्या में अंतर से संबंधित है। जांच के दौरान पाया गया कि, कुछ ई-वे बिलों की समयसीमा वाहन को रोके जाने के समय समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा, कुछ ई-वे बिलों में दर्ज वाहन पंजीकरण संख्या और मोबाइल जांच दस्ते द्वारा रोके गए वाहन की पंजीकरण संख्या में भी अंतर था। इन्हीं विसंगतियों के आधार पर उत्तर प्रदेश GST विभाग ने कंपनी पर जुर्माना लगाया है।
कंपनी ने अपील करने का लिया निर्णय
डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि, इस आदेश का कंपनी की वित्तीय स्थिति, परिचालन गतिविधियों या अन्य व्यावसायिक कार्यों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है। कंपनी ने यह भी बताया कि वह इस आदेश के खिलाफ उत्तर प्रदेश GST विभाग के अतिरिक्त आयुक्त (ग्रेड-II) के समक्ष अपील दायर करने की योजना बना रही है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई अपील प्रक्रिया और संबंधित प्राधिकरण के निर्णय पर निर्भर करेगी।


















