गुजरात : बढ़ती लागत, स्थिर गन्ना कीमत और भुगतान में देरी से किसानों का अन्य फसलों की ओर रुख

सूरत : चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद दक्षिण गुजरात में गन्ने की खेती किसानों के लिए आकर्षण खोती जा रही है। गन्ने से मिलने वाला भुगतान लंबे समय से लगभग स्थिर रहने, उर्वरक और श्रम लागत में भारी वृद्धि, भुगतान में देरी तथा फसल खराब होने जैसी समस्याओं के कारण क्षेत्र के किसान अब इस प्रमुख नकदी फसल से दूरी बनाकर दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं। द ब्लंट टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में किसान गन्ने की जगह आम, सब्जियों और अन्य फसलों की ओर रुख कर रहे हैं।

गन्ने की कीमत वर्षों से स्थिर, लागत कई गुना बढ़ी

ChiniMandi WhatsApp Channel

सूरत के पास मोरथन गांव के सरपंच जयप्रकाश देसाई खुद भी गन्ने की खेती से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि, करीब एक दशक पहले गन्ने की खेती से जो फायदे मिलते थे, वे अब खत्म हो चुके हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि गन्ने की कीमत वर्षों से लगभग उसी स्तर पर बनी हुई है। देसाई के अनुसार, किसानों को गन्ने के लिए करीब 3,600 से 3,700 रुपये प्रति टन मिलते हैं, जो लगभग 8 से 10 वर्ष पहले मिलने वाली कीमत के बराबर है। दूसरी ओर, उत्पादन लागत में भारी वृद्धि हुई है। उर्वरक की एक बोरी, जो पहले करीब 400 रुपये में मिलती थी, अब 1,700 से 2,000 रुपये तक पहुंच गई है।उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती तभी आर्थिक रूप से व्यवहार्य हो सकती है, जब किसानों को कम से कम 5,000 रुपये प्रति टन का भाव मिले।

गुजरात का राष्ट्रीय गन्ना उत्पादन में करीब 3 प्रतिशत योगदान है। राज्य में उत्पादित गन्ने का लगभग 99 प्रतिशत हिस्सा सूरत, नवसारी, तापी, नर्मदा, भरूच और वलसाड जिलों से आता है। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर उत्पादन के आंकड़े मजबूत दिखाई देते हैं, लेकिन दक्षिण गुजरात में स्थानीय स्तर पर गन्ने की उपलब्धता और उत्पादन पर दबाव बढ़ रहा है। कामरेज चीनी मिल से जुड़े गन्ना किसान वायरल पटेल ने बताया कि, चीनी मिलों को गन्ने की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। उदाहरण के तौर पर, सयान चीनी मिल को एक सीजन में करीब 10 लाख टन गन्ने की जरूरत होती है, लेकिन उसे केवल 6.5 से 7 लाख टन गन्ना ही मिल पाता है। पटेल ने इस कमी के लिए अनियमित बारिश, बदलती जलवायु परिस्थितियों, फसल रोगों, औद्योगिक विस्तार और जंगली जानवरों, खासकर जंगली सूअरों के हमले को जिम्मेदार बताया।

किसानों की प्रमुख समस्याएं

जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2023 में 240 गन्ना किसानों पर किए गए एक अध्ययन में सहकारी समितियों की ओर से मिलने वाली कम भुगतान दर को किसानों की सबसे बड़ी समस्या बताया गया था। इसके अलावा बढ़ती मजदूरी और परिवहन लागत, चीनी मिलों में गन्ना प्रसंस्करण में देरी, तौल में गड़बड़ी, पर्याप्त यांत्रिक हार्वेस्टर की कमी और फसल रोग जैसी समस्याएं भी किसानों के सामने प्रमुख चुनौतियों के रूप में सामने आईं। सयान चीनी मिल के निदेशक दर्शन नायक ने कहा कि, नीतियों में अनिश्चितता और गन्ने से मिलने वाला कम रिटर्न किसानों को इस फसल से दूर कर रहा है।

1,500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज से उम्मीद

गन्ना और चीनी उद्योग को सहारा देने के लिए गुजरात सरकार ने सहकारी चीनी मिलों के भुगतान और मुआवजे से जुड़े 1,500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज को मंजूरी दी है। कृषि एवं सहकारिता मंत्री जीतू वघानी ने कहा कि, इस पहल का उद्देश्य चीनी मिलों को मजबूत करना, उनके वित्तीय जोखिम को कम करना और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है।हालांकि, दक्षिण गुजरात के गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के किसानों का कहना है कि केवल अस्थायी आर्थिक सहायता से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। किसानों के अनुसार, गन्ने की खेती को फिर से लाभकारी बनाने के लिए गन्ने का बेहतर मूल्य, उत्पादन लागत के अनुरूप भुगतान और कुल रिटर्न में वृद्धि जरूरी है। किसानों का मानना है कि जब तक गन्ने की खेती से पर्याप्त और स्थायी आय सुनिश्चित नहीं होती, तब तक दक्षिण गुजरात में किसान दूसरी फसलों की ओर अपना रुख जारी रख सकते हैं।

Bioenergy Times

2 COMMENTS

  1. गन्ना तों कोहलू को मिले गा ज्यादा 510 का रेट घुला कोल्हू mw

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here