चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने अधिकारियों को आगामी गन्ना पेराई सत्र की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और किसानों को उनकी उपज का भुगतान तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकार ने चीनी मिलों के सुचारु संचालन और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया है। हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित एनआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज के चेयरमैन मोहन लाल कौशिक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न सरकारी संस्थानों के विकास कार्यों, चल रही गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान आगामी गन्ना पेराई सत्र की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, गन्ना किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और पेराई सत्र के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने चीनी मिलों के सुचारु, प्रभावी और व्यवस्थित संचालन पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को उनके गन्ने का भुगतान निर्धारित समय के भीतर मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान करने और संबंधित संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए।
कौशिक ने कहा कि, किसान और कृषि क्षेत्र हरियाणा की अर्थव्यवस्था तथा ग्रामीण व्यवस्था के केंद्र में हैं। इसलिए गन्ना किसानों से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ हल करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को खेत से गन्ना मिल तक पहुंचाने से लेकर भुगतान प्राप्त करने तक किसी तरह की परेशानी न हो।
कौशिक ने कहा, किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराना, गन्ने का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना, चीनी मिलों का सुचारु संचालन और सार्वजनिक एवं सहकारी संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताएं हैं। सभी संबंधित संस्थानों को पूरी प्रतिबद्धता और आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए, ताकि किसानों को बेहतर व्यवस्थाएं और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि, हरियाणा सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने और पारदर्शी, जवाबदेह एवं किसान हितैषी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी पेराई सत्र के दौरान किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
कौशिक ने कहा कि समीक्षा बैठक का उद्देश्य विभिन्न संस्थानों के बीच अंतर-विभागीय समन्वय को मजबूत करना है, ताकि कृषि और सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी सरकारी नीतियों का लाभ जमीनी स्तर पर किसानों और आम जनता तक सीधे, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंच सके। बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, वित्त विभाग के विशेष सचिव मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने संस्थानों के कामकाज, प्रगति, विकास गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रस्तुतियां दीं।
बैठक में HARCO बैंक, HAFED, हरियाणा डेयरी डेवलपमेंट फेडरेशन, हरियाणा स्टेट कोऑपरेटिव फेडरेशन शुगर मिल्स तथा करनाल, सोनीपत, पानीपत, पलवल, जींद, शाहाबाद, महम, कैथल, रोहतक और गोहाना की सहकारी चीनी मिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा हरियाणा फाइनेंशियल कॉरपोरेशन, CONFED और HARCOFED के प्रतिनिधियों तथा अन्य संस्थानों के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक में हरियाणा की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी ढांचे के महत्वपूर्ण हिस्से माने जाने वाले प्रमुख संस्थानों—HARCO बैंक, HAFED, हरियाणा डेयरी डेवलपमेंट कोऑपरेटिव फेडरेशन और शुगर फेडरेशन—की भी भागीदारी रही। इन संस्थानों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने वर्तमान प्रदर्शन और प्रगति की जानकारी दी तथा भविष्य की रणनीतियों और योजनाओं को भी सामने रखा।


















