नारायणगढ़ : गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से नारायणगढ़ चीनी मिल लिमिटेड, बनौंदी ने नई पहल शुरू की है। मिल प्रशासन ने किसानों के लिए उन्नत गन्ना किस्मों के बीज और जैविक कीट नियंत्रण पर आधारित विशेष योजना लागू करने की घोषणा की है। मिल प्रबंधन के अनुसार, करनाल अनुसंधान केंद्र के विशेषज्ञों की निगरानी में तैयार की गई नई उन्नत किस्मों में सीओ-15023, सीओ-3102, सीओएलके-14201 और सीओएच-191 शामिल हैं। इन किस्मों का बीज सितंबर-अक्तूबर में किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक किसान बीज प्राप्त करने के लिए अपने क्षेत्र के गन्ना सुपरवाइजर से संपर्क कर सकते हैं।
अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, बेहतर उत्पादन के लिए मिल ने किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह दी है। बिजाई से पहले ट्राईकोडर्मा से भूमि उपचार तथा इमिडा क्लोरोपिड और थायोपोनेट मिथाइल के घोल से बीज उपचार करने पर जोर दिया गया है। साथ ही गन्ने की बुवाई चार फीट की दूरी पर करने की सिफारिश की गई है, ताकि फसल का बेहतर विकास हो सके। फसल को टॉप बोरर जैसे कीटों से बचाने के लिए रासायनिक कीटनाशकों के बजाय सोलर लाइट ट्रैप और फॉर्मलडिहाइड आधारित जैविक उपायों के उपयोग पर बल दिया गया है। इन तकनीकों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना कीट नियंत्रण संभव होगा और गन्ने की गुणवत्ता व मिठास में भी सुधार होगा।


















