नई दिल्ली : हरियाणा की सहकारी चीनी मिलों ने राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार हासिल किए हैं।पानीपत, शाहाबाद और करनाल की चीनी मिलों को तकनीकी दक्षता और गन्ना विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित नेशनल शुगर एंड बायो-एनर्जी कॉन्क्लेव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा और पानीपत के उपायुक्त एवं चीनी मिल के अध्यक्ष हरीश कुमार वशिष्ठ ने ये पुरस्कार प्राप्त किए।
पानीपत मिल को तकनीकी दक्षता में प्रथम पुरस्कार
दाहर स्थित पानीपत सहकारी चीनी मिल को वर्ष 2025-26 के लिए तकनीकी दक्षता श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला है। मिल ने 94.61 प्रतिशत क्षमता उपयोग दर्ज किया। इस दौरान मिल ने 61.50 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की और 5.62 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया। मिल ने बिजली बिक्री से करीब 29 करोड़ रुपये की आय भी अर्जित की। हरियाणा की 11 सरकारी चीनी मिलों में पानीपत मिल ने सबसे अधिक गन्ने की पेराई की।वर्ष 2022 में मिल में प्रतिदिन 50 हजार क्विंटल गन्ना पेराई क्षमता वाला नया प्लांट शुरू किया गया था।
शाहाबाद और करनाल मिल भी सम्मानित
शाहाबाद चीनी मिल को वर्ष 2024-25 के लिए ‘अन्य रिकवरी में तकनीकी दक्षता’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला। वहीं करनाल चीनी मिल ने ‘तकनीकी दक्षता एवं गन्ना विकास’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार हासिल किया। सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा की सहकारी चीनी मिलों को पारंपरिक चीनी उत्पादन तक सीमित न रखते हुए बहु-उत्पाद बायो-एनर्जी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से 690 केएलपीडी क्षमता वाली एथेनॉल परियोजना पर काम कर रही है। इसके अलावा पानीपत में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश से 90 केएलपीडी क्षमता की एक अलग परियोजना भी स्थापित की जा रही है। राज्य में इथेनॉल के साथ-साथ बिजली, शीरा, बगास, प्रेसमड और बायो-सीबीजी जैसे मूल्यवर्धित उत्पादों का उत्पादन बढ़ाने की योजना है।
सहकारी मिलों ने 285.92 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की
हरियाणा शुगरफेड की सहकारी चीनी मिलों ने सामूहिक रूप से 285.92 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की। इस दौरान 26.24 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ। सह-उत्पादन के माध्यम से मिलों ने बिजली ग्रिड को 12.20 करोड़ यूनिट बिजली उपलब्ध कराई, जिससे करीब 76.60 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने पर जोर
गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार चार फुट की कतार दूरी, उन्नत किस्मों, टिश्यू कल्चर और यांत्रिक गन्ना कटाई को बढ़ावा दे रही है। चार फुट की कतार दूरी अपनाने वाले किसानों को सरकार की ओर से प्रति एकड़ 5,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य राज्य की सभी 10 सहकारी चीनी मिलों को आधुनिक, पारदर्शी और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।


















