वॉशिंगटन डीसी: 28 फरवरी को होर्मुज़ जलडमरूमध्य बंद होने के बाद वैश्विक आपूर्ति बाधित होने से जेट ईंधन की कीमतों में तेज उछाल आया। मार्च में कीमतें लगभग दोगुनी हो गईं, जिसके बाद अमेरिका में जेट ईंधन का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। कीमतों में यह बढ़ोतरी कच्चे तेल की लागत बढ़ने और यूरोप व एशिया में आपूर्ति को लेकर गहरी चिंताओं के कारण हुई, क्योंकि ये क्षेत्र पहले अपने जेट ईंधन आयात के लिए काफी हद तक फारस की खाड़ी पर निर्भर थे।
अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) के अनुसार, अमेरिका में बढ़ा हुआ जेट ईंधन उत्पादन बड़ी मात्रा में अंतरराष्ट्रीय बाजारों की ओर भेजा जा रहा है, जबकि देश के भीतर भंडार अब भी ऐतिहासिक औसत से ऊपर बना हुआ है।रिपोर्ट में कहा गया है कि, निर्यात मांग बढ़ने के बावजूद अमेरिका में जेट ईंधन का भंडार सामान्य स्तर से अधिक बना हुआ है। 29 मई तक अमेरिका के पास 4.5 करोड़ बैरल जेट ईंधन का भंडार था, जो 2021-2025 के औसत से 7 प्रतिशत अधिक है।
आंकड़ों के मुताबिक, भू-राजनीतिक संकट के बाद अमेरिकी रिफाइनरियों ने उत्पादन में तेजी ला दी। उस समय चार सप्ताह का औसत जेट ईंधन उत्पादन 17 लाख बैरल प्रतिदिन था।EIA ने बताया कि 1 मई को समाप्त सप्ताह में पहली बार अमेरिकी जेट ईंधन उत्पादन का चार-सप्ताहीय औसत 20 लाख बैरल प्रतिदिन के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया।
ऊंचे मुनाफे के लिए बढ़ाया उत्पादन…
उत्पादन में यह ऐतिहासिक वृद्धि रिफाइनरियों की बढ़ी हुई क्षमता और परिचालन रणनीतियों का परिणाम है।जेट ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण रिफाइनरों को असाधारण मुनाफा मिलने लगा, जिसे देखते हुए उन्होंने अपने संयंत्रों में बदलाव कर जेट ईंधन का उत्पादन बढ़ाया।रिपोर्ट के अनुसार, मार्च से मई के दौरान अमेरिकी गल्फ कोस्ट में जेट ईंधन की स्पॉट कीमत औसतन 3.91 डॉलर प्रति गैलन रही, जो साल की शुरुआत की तुलना में लगभग दोगुनी थी। यह कीमत पेट्रोल और डीजल दोनों के क्षेत्रीय स्पॉट मूल्यों से भी अधिक रही।
मुनाफे में जबरदस्त बढ़ोतरी…
जेट ईंधन क्रैक स्प्रेड, जो कच्चे तेल को विमानन ईंधन में बदलने से होने वाले लाभ को दर्शाता है, मार्च से मई के दौरान औसतन 1.25 डॉलर प्रति गैलन रहा। साल की शुरुआत में यह केवल 0.42 डॉलर प्रति गैलन था।सिंगापुर और एम्स्टर्डम-रॉटरडैम-एंटवर्प जैसे वैश्विक व्यापारिक केंद्रों में भी इसी तरह का रुझान देखा गया, जहां कीमतें दोगुनी हो गईं और मुनाफे का अंतर बढ़ गया। इससे वैश्विक व्यापार प्रवाह में भी बड़ा बदलाव आया।रिपोर्ट के अनुसार, मार्च और अप्रैल में यूरोप तथा एशिया में जेट ईंधन की कीमतें अमेरिकी गल्फ कोस्ट की तुलना में काफी अधिक थीं, जिससे मध्य पूर्व से होने वाले आयात की भरपाई के लिए अन्य स्रोतों की मांग बढ़ गई।
अमेरिकी निर्यात ने संभाली वैश्विक आपूर्ति…
अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग के व्यापारिक आंकड़ों से पता चलता है कि अप्रैल और मई के दौरान अमेरिका से जेट ईंधन का निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सीमा पार बढ़ी हुई आपूर्ति ने अंततः अंतरराष्ट्रीय बाजारों को स्थिर करने में मदद की।इसके बाद यूरोप और एशिया में जेट ईंधन की कीमतें अप्रैल के उच्चतम स्तर से नीचे आईं और अमेरिकी गल्फ कोस्ट के स्तर के करीब पहुंच गईं। साथ ही वैश्विक आपूर्ति संकट की चिंताएं भी धीरे-धीरे कम होने लगीं।















