बिजनौर में किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर गन्ना समिति में किया प्रवेश, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

बिजनौर (उत्तर प्रदेश): बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ बिजनौर पहुंचे। प्रदर्शन पर रोक लगाए जाने के बावजूद किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और गन्ना समिति तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। दैनिक भास्कर में प्रकशित खबर के अनुसार, प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने कलेक्ट्रेट, समाजवादी पार्टी कार्यालय, नुमाइश ग्राउंड चौराहे और रोडवेज बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई थी। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के अध्यक्ष श्योराज ने दावा किया कि, पुलिस प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद किसान अपने निर्धारित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रही है।

किसान नेताओं ने उठाई गन्ना भुगतान की मांग

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गन्ने का बकाया भुगतान जल्द कराने, गन्ने का लाभकारी मूल्य बढ़ाने और गुलदार की समस्या का समाधान करने की मांग उठाई। किसान नेता श्योराज के अनुसार, जिले की कई चीनी मिलों पर पिछले वर्ष का गन्ना भुगतान अब भी बकाया है। इससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाए जाने पर भी नाराजगी जताई।

श्योराज ने कहा कि देशभर में विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन चल रहे हैं और किसान भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, बिजनौर में किसानों की पंचायत को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने रास्तों में पांच से सात स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई और बल प्रयोग कर किसानों को रोकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि, इसके बावजूद किसान अपने निर्धारित स्थल तक पहुंच गए। श्योराज ने दोहराया कि किसानों की आवाज दबाने की कोशिशों के बावजूद उनका संघर्ष जारी रहेगा।

गन्ना भुगतान में देरी से किसान आर्थिक संकट में

किसान नेताओं ने कहा कि बिजनौर जिले में गन्ने का बकाया भुगतान किसानों की प्रमुख समस्याओं में से एक है। कई चीनी मिलों पर पिछले वर्ष का भुगतान भी लंबित है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि, चीनी के दाम बढ़ने के बावजूद उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। गन्ने की खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए किसानों ने गन्ने का लाभकारी मूल्य बढ़ाने और बकाया भुगतान जल्द से जल्द कराने की मांग की। इसके साथ ही किसानों ने जिले में गुलदार की समस्या को लेकर भी चिंता जताई और इसके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here