तमिलनाडु में गन्ना किसानों को 709.50 रुपये प्रति टन प्रोत्साहन राशि; प्रभावी गन्ना मूल्य 4,000 रुपये

चेन्नई : तमिलनाडु सरकार ने 2025-26 के गन्ना पेराई सीजन के दौरान चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करने वाले पात्र किसानों के लिए 709.50 रुपये प्रति टन विशेष प्रोत्साहन राशि मंजूर की है। इस प्रोत्साहन के बाद 9.5% चीनी रिकवरी वाले गन्ने का प्रभावी मूल्य बढ़कर 4,000 रुपये प्रति टन हो जाएगा। राज्य सरकार ने इस प्रोत्साहन योजना के लिए 603.34 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावों को मंजूरी मिलने के बाद पात्र किसानों को यह राशि दी जाएगी।

एफआरपी के अतिरिक्त मिलेगा प्रोत्साहन

ChiniMandi WhatsApp Channel

केंद्र सरकार ने 9.5% चीनी रिकवरी वाले गन्ने के लिए 3,290.50 रुपये प्रति टन का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त तमिलनाडु सरकार द्वारा 709.50 रुपये प्रति टन का प्रोत्साहन दिया जाएगा। इस तरह पात्र किसानों के गन्ने का प्रभावी मूल्य 4,000 रुपये प्रति टन होगा। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, जिन किसानों के गन्ने में चीनी रिकवरी 9.5% से अधिक होगी, उन्हें उसके अनुरूप अधिक मूल्य मिलेगा। यह प्रोत्साहन विशेष रूप से उन किसानों के लिए लागू है, जिन्होंने 2025-26 के पेराई सीजन के दौरान चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति किया था। रिपोर्ट के अनुसार, यह भविष्य में होने वाली गन्ना आपूर्ति के लिए भुगतान नहीं है।

29 चीनी मिलों ने किया था संचालन

तमिलनाडु में 2025-26 के सीजन के दौरान कुल 29 चीनी मिलों ने काम किया। इनमें 12 सहकारी चीनी मिलें, 2 सार्वजनिक क्षेत्र की मिलें और 15 निजी चीनी मिलें शामिल हैं। भुगतान प्रक्रिया के तहत संबंधित सीजन में गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों का विवरण एकत्र किया गया है। इसमें किसानों द्वारा आपूर्ति की गई गन्ने की मात्रा, आधार संबंधी जानकारी और बैंक खाते का विवरण शामिल है।

जिला स्तर पर होगी दावों की जांच

पात्र किसानों के दावों की पहले संबंधित जिला कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति द्वारा सिफारिश की जाएगी। इसके बाद गन्ना निदेशालय दावों की जांच करेगा और मंजूरी मिलने के बाद प्रोत्साहन राशि जारी की जाएगी।तमिलनाडु ई-गवर्नेंस एजेंसी पात्र किसानों के आधार से जुड़े बैंक खातों में स्वीकृत प्रोत्साहन राशि सीधे हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में सहयोग करेगी।

दिवाली के आसपास शुरू होगा भुगतान

प्रोत्साहन राशि का भुगतान दिवाली के आसपास शुरू होने की संभावना है। इस योजना से करीब 90,000 गन्ना किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार के अनुसार, इस प्रोत्साहन का उद्देश्य गन्ना किसानों को आर्थिक सहायता देना, चीनी मिलों के संचालन को मजबूत करना और राज्य में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करना है।

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here