नई दिल्ली : भारत में ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम करने और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार तेजी से कदम उठा रही है। हाल के वर्षों में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को विस्तार देते हुए सरकार ने अनिवार्य 20 प्रतिशत (E20) मिश्रण के लक्ष्य से आगे बढ़कर निकट भविष्य में 30 प्रतिशत तक गैर-अनिवार्य मिश्रण और दीर्घकाल में 85 प्रतिशत तथा 100 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की संभावना जताई है। इसके अलावा विमानन ईंधन में भी एथेनॉल मिश्रण की अनुमति दी गई है।हालांकि, इन कदमों ने खाद्य सुरक्षा और जल संसाधनों को लेकर नई चिंताओं को जन्म दिया है।‘बिजनेसटुडे मैगज़ीन’ में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, विशेषज्ञों का मानना है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए बड़े पैमाने पर धान, मक्का और गन्ने जैसी फसलों का उपयोग देश की खाद्य व्यवस्था और जल सुरक्षा पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों को आपूर्ति किए जाने वाले एथेनॉल में अब पारंपरिक गन्ने की तुलना में अनाज आधारित एथेनॉल का हिस्सा कहीं अधिक हो गया है। एथेनॉल सप्लाई ईयर (ESY) 2017-18 में अनाज आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी शून्य थी, जो बढ़कर 2022-23 में 59.7 प्रतिशत और 2025-26 में 72.4 प्रतिशत तक पहुंच गई। वर्तमान में कुल एथेनॉल उत्पादन में मक्का की हिस्सेदारी 45.2 प्रतिशत और चावल की 27.2 प्रतिशत है।
आर्थिक सर्वेक्षण ने भी जताई थी चिंता…
वर्ष 2025-26 के आर्थिक सर्वेक्षण में भी इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त की गई थी। सर्वेक्षण में कहा गया था कि, एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने वाली नीतियां किसानों को दलहन, तिलहन और अन्य खाद्यान्न फसलों की बजाय मक्का की खेती की ओर आकर्षित कर रही हैं। विशेष रूप से महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में फसल पैटर्न में बदलाव देखा जा रहा है। सर्वेक्षण ने चेतावनी दी थी कि इससे खाद्य सुरक्षा और खाद्य कीमतों पर दीर्घकालिक असर पड़ सकता है।
जल की भारी खपत बनी सबसे बड़ी चुनौती
एथेनॉल उत्पादन को लेकर सबसे बड़ी चिंता इन फसलों की अत्यधिक जल खपत को लेकर है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के एक अध्ययन का हवाला देते हुए बताया गया कि, गन्ने से एक लीटर एथेनॉल उत्पादन में लगभग 3,630 लीटर पानी लगता है। मक्का आधारित एक लीटर एथेनॉल के लिए 4,670 लीटर पानी की आवश्यकता होती है। चावल आधारित एक लीटर एथेनॉल उत्पादन में 10,790 लीटर पानी खर्च होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि, जल संकट से जूझ रहे भारत जैसे देश में इतनी अधिक पानी खपत वाली फसलों पर आधारित एथेनॉल नीति दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ नहीं मानी जा सकती।
उद्योग खुश, विशेषज्ञ सतर्क…
ग्रेन एथेनॉल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.के. जैन का कहना है कि, पहले केवल गन्ने पर निर्भरता के कारण एथेनॉल उद्योग को कच्चे माल की कमी का सामना करना पड़ता था। अब अनाज आधारित एथेनॉल उत्पादन बढ़ने से उद्योग के पास पर्याप्त फीडस्टॉक और क्षमता उपलब्ध है, जिससे 30 प्रतिशत से अधिक मिश्रण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
दूसरी ओर, जल और ऊर्जा विशेषज्ञों ने सरकार को सतर्क रहने की सलाह दी है।सोसाइटी फॉर प्रमोटिंग पार्टिसिपेटिव इकोसिस्टम मैनेजमेंट के विशेषज्ञ के.जे. जॉय का कहना है कि, एथेनॉल उत्पादन के लिए बड़े पैमाने पर कृषि भूमि का उपयोग खाद्य और जल सुरक्षा दोनों को प्रभावित कर सकता है। इसलिए ऊर्जा नीति बनाते समय खाद्य और जल सुरक्षा को केंद्र में रखना आवश्यक है।वहीं टेरी स्कूल ऑफ एडवांस्ड स्टडीज के गोपाल सारंगी का कहना है कि, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है क्योंकि इसमें भूमि, पानी, पशु चारा और खाद्यान्न की प्रतिस्पर्धी मांगें शामिल हैं।
एथेनॉल से हुए फायदे भी गिनाए सरकार ने…
सरकार का दावा है कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से किसानों और देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिला है। संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, 2014-15 से फरवरी 2026 के बीच एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के कारण:किसानों को 1.5 लाख करोड़ रुपये का तेज भुगतान संभव हुआ। देश के 1.7 लाख करोड़ रुपये से अधिक विदेशी मुद्रा की बचत हुई। 8.69 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई। 2.89 करोड़ टन कच्चे तेल के आयात का विकल्प तैयार हुआ।
ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा के बीच संतुलन जरूरी
विशेषज्ञों का मानना है कि, भारत को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते हुए खाद्य और जल सुरक्षा से समझौता नहीं करना चाहिए। उनका सुझाव है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए फीडस्टॉक चयन और फसल नीति स्थानीय संसाधनों, जल उपलब्धता और खाद्य जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जानी चाहिए।


















