मॉस्को : क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि, भारत और रूस यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं और इस मुद्दे पर नई दिल्ली की स्थिति काफी हद तक मॉस्को के रुख के अनुरूप है। मॉस्को से वर्चुअल प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पेस्कोव ने कहा कि, रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर भारत की स्थिति से अवगत है और समाधान की दिशा में चल रहे प्रयासों में योगदान देने की नई दिल्ली की इच्छा का स्वागत करता है। पेस्कोव ने कहा, हम यूक्रेन संघर्ष पर भारत की स्थिति जानते हैं और काफी हद तक यह हमारी स्थिति से मेल खाती है, क्योंकि हम भी यूक्रेन संघर्ष का समाधान शांतिपूर्ण तरीकों से चाहते हैं और रूस इस प्रक्रिया के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि, रूस संघर्ष के समाधान की प्रक्रिया में भारत के योगदान का स्वागत करता है। पेस्कोव ने यह भी कहा कि रूस अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों का स्वागत करता है।
क्रेमलिन प्रवक्ता ने कहा कि,रूस ने कभी युद्ध नहीं चाहा और मॉस्को पहले से शुरू किए गए संघर्ष को समाप्त करने की कोशिश कर रहा है। पेस्कोव ने कहा, हम वास्तव में कभी यह युद्ध नहीं चाहते थे। हम उस युद्ध को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे पहले शुरू किया गया था और इसे हमने शुरू नहीं किया था। पेस्कोव ने कहा कि, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आगामी द्विपक्षीय बैठक यूक्रेन संघर्ष के साथ-साथ व्यापक अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि, बैठक में राष्ट्रपति पुतिन अपने भारतीय मित्र को यूक्रेन के मोर्चे पर मौजूदा स्थिति की जानकारी देंगे। इसके अलावा दोनों नेता अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
11 सितंबर को हो सकती है मोदी-पुतिन की द्विपक्षीय बैठक
12 सितंबर से नई दिल्ली में शुरू होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन से पहले पुतिन भारत यात्रा पर आ रहे हैं। पेस्कोव ने पुष्टि की कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह बैठक शुक्रवार, 11 सितंबर को होने की संभावना है। पेस्कोव ने कहा कि, दोनों नेताओं की बैठक निर्धारित है और इसमें सबसे पहले द्विपक्षीय एजेंडे पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि व्यापार और आर्थिक सहयोग दोनों देशों के बीच बातचीत का एक महत्वपूर्ण और व्यापक क्षेत्र है।
भारत-रूस संबंधों को नई दिशा देने पर जोर
पुतिन की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। पेस्कोव ने BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि, भारतीय और रूसी नेताओं के बीच व्यक्तिगत स्तर पर भी करीबी संपर्क है। दोनों नेता अपने संबंधों में व्यावहारिक दृष्टिकोण रखते हैं और संवेदनशील मुद्दों पर खुले तथा रचनात्मक तरीके से चर्चा करने में सक्षम हैं। पेस्कोव के मुताबिक, इससे दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर खुलते हैं।
BRICS सहयोग को मजबूत करने में रूस देगा योगदान
पेस्कोव ने विश्वास जताया कि BRICS शिखर सम्मेलन सफल रहेगा। उन्होंने कहा कि रूस BRICS सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव योगदान दे रहा है। उन्होंने BRICS सहयोग के तीन प्रमुख क्षेत्रों का उल्लेख किया—राजनीति एवं सुरक्षा, अर्थव्यवस्था एवं वित्त तथा सांस्कृतिक एवं मानवीय क्षेत्र। पेस्कोव ने कहा कि, रूस BRICS के विभिन्न प्रारूपों में नए देशों को शामिल करने के विचार का भी समर्थन करता है।















