नई दिल्ली: गोदावरी बायो रिफाइनरीज की कार्यकारी निदेशक डॉ. संगीता श्रीवास्तव ने इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) सम्मेलन 2026 में कहा की, भारत का चीनी उद्योग गन्ने और अन्य घरेलू कृषि-आधारित कच्चे माल का उपयोग कर विभिन्न प्रकार के जैव-रसायनों (बायोकेमिकल्स) का उत्पादन बढ़ा सकता है और आयातित रासायनिक उत्पादों पर निर्भरता कम कर सकता है। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि, भारत को गन्ने के उपयोग को केवल चीनी और एथेनॉल तक सीमित नहीं रखना चाहिए। गन्ने में मौजूद कार्बन को एक महत्वपूर्ण संसाधन मानते हुए उससे ईंधन, रसायन और अन्य उच्च-मूल्य वाले उत्पाद तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। भारत में विभिन्न प्रकार के फीडस्टॉक और तकनीकों के माध्यम से एकीकृत बायोरिफाइनरी विकसित करने की पर्याप्त क्षमता है।
उन्होंने कहा कि, गन्ने के साथ अनाज आधारित फीडस्टॉक का उपयोग करने से उत्पादों की श्रेणी और व्यापक हो सकती है। इसमें पॉलीलैक्टिक एसिड (PLA), पॉलीहाइड्रॉक्सीएल्कानोएट्स (PHA), लैक्टिक एसिड, जाइलिटोल, जैव ईंधन और बायोब्यूटेनॉल जैसे उत्पाद शामिल हैं। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि, भारत में पहले भी कई जैव-आधारित रसायनों का उत्पादन किया जाता रहा है, जिनमें बायोब्यूटेनॉल भी शामिल है। गोदावरी बायो रिफाइनरीज भारत की पहली जैव-आधारित ब्यूटेनॉल उत्पादक कंपनी थी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में इसका उत्पादन होता था, जिसे करीब 1998 में बंद कर दिया गया। उन्होंने भारत में उत्पादित किए गए एसिटिक एसिड, ब्यूटेनॉल और एसीटैल्डिहाइड जैसे रसायनों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि, भारत की सबसे बड़ी ताकत यहां उपलब्ध सूर्यप्रकाश, विशाल कृषि संसाधन और बड़ी संख्या में छोटे किसान हैं। ऐसे देशों के विपरीत जहां खेती बड़े फार्मों पर केंद्रित है, भारत के जैव-आधारित उद्योग को यह सुनिश्चित करना होगा कि कृषि कच्चे माल से पैदा होने वाला मूल्य किसानों तक भी पहुंचे। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि, कृषि आधारित फीडस्टॉक से रसायनों का उत्पादन बढ़ने के साथ ट्रेसिबिलिटी और जिम्मेदार सोर्सिंग का महत्व भी बढ़ेगा। जैव-आधारित अणुओं (बायो-बेस्ड मॉलिक्यूल्स) की खरीद करने वाली कंपनियां यह जानना चाहेंगी कि कार्बन किस स्रोत से आया है, फीडस्टॉक कितना टिकाऊ है और उसका उत्पादन किस तरीके से किया गया। उन्होंने कहा कि, इसलिए अच्छी कृषि पद्धतियां, किसानों और श्रमिकों के साथ जिम्मेदार व्यवहार तथा मिट्टी के स्वास्थ्य का संरक्षण जैव-आधारित उद्योग के लिए कच्चे माल की दीर्घकालिक उपलब्धता सुनिश्चित करने में बेहद जरूरी होगा।
चीनी मिलें बन सकती हैं एकीकृत बायोरिफाइनरी
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि,चीनी मिलें विभिन्न तकनीकों और फीडस्टॉक का इस्तेमाल करने वाली एकीकृत बायोरिफाइनरी के रूप में विकसित हो सकती हैं। इसमें पहली पीढ़ी (1G) और दूसरी पीढ़ी (2G) एथेनॉल, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), कार्बन डाइऑक्साइड से ग्रीन मेथनॉल और अन्य उत्पादों के निर्माण की संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि, एथेनॉल को केवल परिवहन ईंधन के रूप में नहीं, बल्कि रासायनिक उद्योग के कच्चे माल के रूप में भी देखा जाना चाहिए। एथेनॉल के उत्पादन के लिए 1G, 2G, 3G और 4G तकनीकों सहित विभिन्न स्रोत उपलब्ध हैं। इसके अलावा गैस फर्मेंटेशन और कार्बन डाइऑक्साइड के रूपांतरण से भी नए रास्ते खुल सकते हैं।
5,000 करोड़ रुपये के आयात को घरेलू उत्पादन से बदलने का अवसर
डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार, भारत करीब 5,000 करोड़ रुपये मूल्य के एथेनॉल-आधारित रसायनों का आयात करता है। इससे घरेलू उत्पादकों के लिए इन आयातों के एक हिस्से को भारत में ही निर्मित करने का बड़ा अवसर पैदा होता है।उन्होंने एथेनॉलएमाइन्स, एथिलीन ऑक्साइड और एसीटैल्डिहाइड आधारित स्पेशियलिटी केमिकल्स जैसे उत्पादों के घरेलू उत्पादन की संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, भारत को केवल ऊर्जा सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय रासायनिक सुरक्षा (Chemical Security) की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। विदेशों से आयात किए जाने वाले अधिक से अधिक कार्बन-आधारित उत्पादों का घरेलू उत्पादन बढ़ाने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि गन्ने को केवल प्रति टन गन्ने के उत्पादन के आधार पर देखने के बजाय प्रत्येक टन गन्ने में मौजूद कार्बन की मात्रा को समझना चाहिए और उसे उच्च-मूल्य वाले उत्पादों में बदलने के रास्ते तलाशने चाहिए।
ईंधन से आगे बढ़कर वैल्यू चेन में प्रवेश जरूरी
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि, वैल्यू चेन में ऊपर की ओर बढ़ने से समान फीडस्टॉक से केवल ईंधन बनाने की तुलना में काफी अधिक आर्थिक मूल्य पैदा किया जा सकता है। इसके लिए कंपनियों को किसानों के साथ मिलकर फीडस्टॉक विकसित करना और ग्राहकों के साथ मिलकर बाजार की जरूरतों के अनुरूप उत्पाद तैयार करना चाहिए।उन्होंने कहा कि व्यावसायिक स्तर पर एकीकृत उत्पादन से कच्चे माल और रासायनिक उत्पादों—दोनों की सुरक्षा मजबूत हो सकती है। वहीं, लंबे समय तक मिट्टी के स्वास्थ्य और फीडस्टॉक की उपलब्धता बनाए रखने के लिए पुनर्योजी कृषि (Regenerative Agriculture) महत्वपूर्ण होगी।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि गोदावरी बायो रिफाइनरीज पहले से ही कई जैव-आधारित रसायनों का उत्पादन कर रही है, जिनमें प्राकृतिक ब्यूटिलीन ग्लाइकोल और विनाइल ईथर्स शामिल हैं। इनका उपयोग फार्मास्यूटिकल्स, पर्सनल केयर तथा खाद्य एवं पोषण जैसे विभिन्न उद्योगों में किया जाता है। उन्होंने अंत में तेल-केंद्रित अर्थव्यवस्था से मिट्टी और नवीकरणीय कृषि संसाधनों पर आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बदलाव की जरूरत पर जोर दिया। उनके अनुसार, भारत का मौजूदा कृषि और औद्योगिक आधार देश को अधिक रासायनिक आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जाने की मजबूत नींव प्रदान कर सकता है।


















