वैश्विक कमोडिटी कीमतों के निर्धारण में भारत निभा सकता है बड़ी भूमिका, घरेलू बेंचमार्क को मजबूत करना जरूरी: एमसीएक्स प्रमुख

मुंबई: भारत यदि अपने घरेलू कमोडिटी मूल्य बेंचमार्क (Domestic Commodity Benchmarks) को और मजबूत करता है, तो वह वैश्विक कमोडिटी कीमतों के निर्धारण (Price Discovery) में कहीं अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह बात मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीणा राय ने एमसीएक्स कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कही।

प्रवीणा राय ने कहा कि, इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य कमोडिटी डेरिवेटिव्स, जोखिम प्रबंधन (Risk Management), हेजिंग और निवेश जैसे विषयों के प्रति अधिक जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संदर्भ मूल्य (Indian Reference Prices) का उपयोग पहले से ही सोना-चांदी (बुलियन) और धातु (मेटल) जैसे क्षेत्रों में किया जा रहा है और यदि घरेलू स्तर पर मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया और मजबूत होती है, तो इससे वैश्विक कमोडिटी बाजार में भारत की स्थिति और सशक्त होगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा, भारत को अपनी कीमतों को भारतीय दृष्टिकोण से देखने और उन्हें मजबूत बनाने की जरूरत है। जब भारतीय बेंचमार्क मजबूत होंगे, तो वे वैश्विक कीमतों को भी प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।राय के अनुसार, भारत अपने विशाल घरेलू बुलियन बाजार और MCX तथा IBJA (इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन) की दरों के बढ़ते उपयोग का लाभ उठाकर वैश्विक कमोडिटी बाजार में ‘प्राइस सेटर’ (कीमत तय करने वाला देश) की भूमिका मजबूत करना चाहता है।

उन्होंने कहा कि, देश के कमोडिटी बाजार को विकसित करने के लिए एसेट मैनेजमेंट कंपनियों, वित्तीय संस्थानों, बैंकों और खुदरा निवेशकों (Retail Investors) की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है।एमसीएक्स प्रमुख ने कहा कि बैंक बड़े कॉरपोरेट समूहों के लिए हेजिंग समाधान तैयार करने में अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, खुदरा निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कमोडिटी को एक निवेश योग्य परिसंपत्ति वर्ग (Investment Asset Class) के रूप में समझाने और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि, वैश्विक स्तर पर बैंक और वित्तीय संस्थान हेजिंग संरचनाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भारत में भी इस दिशा में अवसर मौजूद हैं।

प्रवीणा राय ने कहा कि, भारत के कमोडिटी बाजार को आगे बढ़ाने के लिए घरेलू और वैश्विक एक्सचेंजों सहित सभी हितधारकों की भागीदारी जरूरी है। इससे उद्योग को विभिन्न बाजारों में अपनाई जाने वाली सर्वश्रेष्ठ प्रक्रियाओं, मानकों और कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि भारत को कमोडिटी बाजार में दीर्घकालिक विकास हासिल करना है, तो सभी पक्षों को एक मंच पर लाकर बेहतर मानकों और वैश्विक अनुभवों को अपनाना होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here