नेपाल के साथ एथेनॉल निर्यात पर भारत की बातचीत, सार्क देशों को आपूर्ति की संभावनाएं तलाश रहा

नई दिल्ली: भारत नेपाल के साथ एथेनॉल निर्यात को लेकर बातचीत कर रहा है और साथ ही दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) देशों को एथेनॉल आपूर्ति की संभावनाएं भी तलाश रहा है। यह जानकारी ग्रेन्स एथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (GEMA) के अध्यक्ष सी. के. जैन ने द इकॉनॉमिक टाइम्स को दी। उन्होंने बताया कि, GEMA का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में नेपाल गया था, जहां नेपाल ने 10% एथेनॉल ब्लेंडिंग शुरू करने की इच्छा जताई है। जैन ने सुझाव दिया कि, जब तक नेपाल अपनी घरेलू उत्पादन क्षमता विकसित नहीं कर लेता, तब तक वह भारत से एथेनॉल आयात कर सकता है।

हालांकि, फिलहाल भारत सरकार 1G एथेनॉल के निर्यात की अनुमति नहीं देती है।जैन ने कहा कि, यदि अन्य देश आगे आते हैं, तो सरकार इस पर विचार कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि, सार्क देशों को एथेनॉल निर्यात से किसानों को लाभ होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सार्क एक क्षेत्रीय संगठन है, जिसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं, जिसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जैन ने कहा कि, इन प्रयासों से भारत की ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम हो सकती है। उन्होंने अनुमान जताया कि, 15-20% तक आयात प्रतिस्थापन संभव है, हालांकि 100% प्रतिस्थापन संभव नहीं है। एथेनॉल ब्लेंडिंग के फायदे बताते हुए उन्होंने कहा कि, E20 स्तर पर भारत हर साल लगभग 40,000 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचाता है। उच्च स्तर जैसे E85 और E100 पर यह बचत बढ़कर करीब 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है, हालांकि यह वृद्धि अनुपातिक नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि, भारत में कृषि उत्पादकता में सुधार के कारण एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने की क्षमता है, लेकिन वैश्विक बाजार में ऊंची फीडस्टॉक लागत के कारण कीमतों की चुनौती बनी हुई है। जैन ने कहा कि, उच्च एथेनॉल मिश्रण के लिए फ्लेक्स-फ्यूल इंजन जरूरी होंगे। E85 जैसे मिश्रण मौजूदा वाहनों में इस्तेमाल नहीं किए जा सकते, इसलिए इसके लिए ऑटोमोबाइल उद्योग के साथ समन्वय जरूरी है। इस दिशा में सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) और वाहन निर्माताओं के साथ बातचीत चल रही है।उपभोक्ता जागरूकता को भी एक बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि, लोग माइलेज को लेकर भ्रमित हैं। तकनीकी रूप से एथेनॉल 1-2% कम माइलेज देता है, लेकिन पर्यावरण और विदेशी मुद्रा बचत के लिहाज से इसके फायदे अधिक हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here