पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारतीय रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच भारतीय रुपया मंगलवार, 19 मई को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 96.53 पर बंद हुआ। मजबूत डॉलर और वैश्विक बाजारों में बढ़ती अनिश्चितता का असर भारतीय मुद्रा पर साफ दिखाई दिया। मंगलवार को रुपया 96.37 के स्तर पर खुला और पूरे दिन करीब 25 पैसे के सीमित दायरे में कारोबार करता रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजार की धारणा को कमजोर किया है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण भारत से अमेरिकी डॉलर का बहिर्वाह बढ़ रहा है, जबकि विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी रुपये पर दबाव बढ़ाया है। साल की शुरुआत में रुपया करीब 89 के स्तर पर था और अब तक इसमें लगभग 6 से 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

केडिया एडवाइजरी के निदेशक अजय सुरेश केडिया ने कहा कि, मजबूत डॉलर की मांग और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने अनुमान जताया कि अगले छह महीनों में रुपया 91.70-92.00 के सपोर्ट स्तर और 98.60-99.50 के रेजिस्टेंस स्तर के बीच कारोबार कर सकता है।

विश्व बैंक के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री और भारत सरकार के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि, अब राजनीति से आगे बढ़कर वास्तविक नीतियों पर ध्यान देने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि, पिछले एक वर्ष में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11.2 प्रतिशत कमजोर हुआ है। कौशिक बसु ने यह भी कहा कि, यह केवल युद्ध की वजह से नहीं हुआ, बल्कि पिछले 22 महीनों में भारत में शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश लगभग शून्य के करीब रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि इस स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया तो महंगाई और बढ़ सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here