जकार्ता : एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, जापानी ऑटोमोबाइल निर्माता टोयोटा 2026 की दूसरी छमाही में इंडोनेशिया के लाम्पुंग प्रांत में अपने बायोएथेनॉल प्लांट का शिलान्यास करने के लिए तैयार है। जकार्ता जीवाश्म ईंधन के स्वच्छ विकल्पों का लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है। निवेश उप मंत्री तोदोतुआ पासारिबू ने टोयोटा मोटर एशिया के एशियाई क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मसाहिको माएदा के साथ बातचीत के बाद योजनाओं का अनावरण किया। टोयोटा इस संयुक्त उद्यम के लिए सरकारी ऊर्जा कंपनी पर्टामिना एनआरई की नवीकरणीय ऊर्जा सहायक कंपनी के साथ साझेदारी कर रही है।
टोडोटुआ ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया की, हमारा इस साल की तीसरी-चौथी तिमाही में प्लांट का निर्माण शुरू करने का इरादा हैं। यह प्लांट प्रति वर्ष 60,000 किलोलीटर उत्पादन करने में सक्षम होगा। इंडोनेशिया 6,000 हेक्टेयर क्षेत्र में ज्वार की खेती करेगा, जिसका उपयोग एथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल के रूप में किया जाएगा। टोयोटा-पर्टामिना संयंत्र 2028 में उत्पादन शुरू करने के लिए तैयार है – जो इंडोनेशिया के E10 एथेनॉल मिश्रण के अनिवार्य उपयोग के लिए बिल्कुल सही समय है।
टोडोटुआ ने कहा कि, परियोजना की सटीक लागत की अभी समीक्षा की जा रही है।उन्होंने बाद में खुलासा किया कि, अकेले बायोएथेनॉल प्लांट के लिए “लगभग 200 मिलियन डॉलर से 300 मिलियन डॉलर” के निवेश की आवश्यकता होगी। माएदा ने पत्रकारों को बताया कि, कंपनी अपने यात्री और वाणिज्यिक दोनों वाहनों के लिए बायोएथेनॉल का उपयोग करने के लिए तैयार है। इंडोनेशियाई ऑटोमोटिव उद्योग संघ (गैकिंडो) ने बताया कि, 2026 की पहली तिमाही में बेची गई यात्री कारों में टोयोटा की हिस्सेदारी 30.4% थी, जो कुल 64,416 यूनिट थी।
ईरान द्वारा युद्ध के चलते विश्व के प्रमुख तेल परिवहन मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के बाद ईंधन की कीमतें आसमान छू गईं, जिसके चलते इंडोनेशिया जैव-एथेनॉल के विकल्प पर पहले से कहीं अधिक ध्यान दे रहा है। संसाधन संपन्न यह देश 2028 तक E10 से शुरुआत करने का लक्ष्य रखता है, जिसका अर्थ है कि इंडोनेशिया के गैसोलीन में 10% एथेनॉल की मात्रा अनिवार्य हो जाएगी। टोयोटा ने इससे पहले इंडोनेशियाई उपभोक्ताओं को अपने फॉर्च्यूनर फ्लेक्सी फ्यूल प्रोटोटाइप का प्रदर्शन किया था, जिसे कंपनी ने जैव-एथेनॉल (E100) पर पूरी तरह से चलने के लिए काफी हद तक संशोधित किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इंडोनेशिया में 2025 के दौरान जापान से 3.1 बिलियन डॉलर का निवेश प्राप्त हुआ, जिससे जापान देश का पांचवां सबसे बड़ा विदेशी निवेशक बन गया।


















