यूरेनियम संवर्धन विवाद पर ईरान-अमेरिका वार्ता अटकी, मध्यस्थों ने फिर सैन्य संघर्ष भड़कने की जताई आशंका: रिपोर्ट

तेहरान : ईरान के संवर्धित यूरेनियम के भंडार को लेकर मतभेदों के कारण अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत ठहर गई है। मध्यस्थों ने चेतावनी दी है कि, वे मध्य पूर्व में दोबारा सैन्य तनाव बढ़ने की स्थिति को रोकने की गारंटी नहीं दे सकते।अल अरबिया इंग्लिश की एक वरिष्ठ सूत्र के हवाले से दी गई रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ईरान से एक स्पष्ट कार्ययोजना और लिखित आश्वासन चाहता है। इसमें ईरान को अपने संवर्धित यूरेनियम के भंडार को समाप्त करने और भविष्य में यूरेनियम संवर्धन दोबारा शुरू नहीं करने की गारंटी देनी होगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, मतभेद दूर करने के लिए मध्यस्थों की ओर से कई प्रस्ताव पेश किए गए हैं, लेकिन दोनों देश अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं। यह कूटनीतिक गतिरोध ऐसे समय में सामने आया है, जब वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। दोनों देश अभी तक ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भविष्य को लेकर किसी सहमति पर नहीं पहुंच सके हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ईरान को केवल तनाव खत्म करने के लिए समझौता मंजूर नहीं

इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि तेहरान मौजूदा कूटनीतिक गतिरोध खत्म करने के लिए ही अमेरिका के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समझौते में ईरान के राष्ट्रीय हितों की रक्षा और भविष्य में सैन्य टकराव दोबारा न होने का भरोसा शामिल होना चाहिए। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी समाचार पत्र को दिए एक साक्षात्कार में अराघची ने कहा कि उनका देश ऐसा समझौता चाहता है, जो अच्छा, सम्मानजनक और लंबे समय तक टिकाऊ हो। उन्होंने कहा कि ईरान ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहता, जहां न युद्ध हो और न शांति।

वाशिंगटन के साथ किसी संभावित समझौते के टिकाऊ होने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “आज समझौता करने का क्या फायदा, यदि दो महीने बाद उसका उल्लंघन हो जाए और फिर युद्ध शुरू हो जाए?” अराघची ने जून में हुए युद्धविराम समझौते के महज 15 दिन बाद फिर से लड़ाई शुरू होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ईरान केवल मौजूदा स्थिति से बाहर निकलने के लिए किसी समझौते पर सहमत नहीं होगा।

60 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम पर बातचीत को तैयार ईरान

परमाणु मुद्दे पर अराघची ने कहा कि तेहरान 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के अपने भंडार को लेकर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इस सामग्री को देश से बाहर भेजने के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यूरेनियम संवर्धन को लेकर एक निष्पक्ष समाधान निकाला जा सकता है, बशर्ते वह व्यापक समझौते का हिस्सा हो और उसमें ईरान के राष्ट्रीय हितों तथा सुरक्षा संबंधी चिंताओं का ध्यान रखा जाए। अराघची ने यह भी पुष्टि की कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच कतर और पाकिस्तान सहित मध्यस्थ देशों के माध्यम से संदेशों और प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी है। उन्होंने कहा, “हम कूटनीति में विश्वास रखने वाले लोग हैं और हमें अब भी कूटनीति से उम्मीद है।”

होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर भी ईरान की शर्तें

इस बीच, अराघची ने कहा कि यदि अमेरिका ईरान की शर्तें पूरी करता है, तो तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए तैयार है। उन्होंने दोहराया कि, किसी भी कूटनीतिक समझौते में ईरान के परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान शामिल होना चाहिए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here