नई दिल्ली: देश में चीनी उपलब्धता को लेकर बढ़ती चिंता और सीमित आयात की संभावनाओं के बीच भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (इस्मा) तथा राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ (एनएफसीएसएफ) ने केंद्र सरकार से समय से पहले पेराई (अर्ली क्रशिंग) शुरू करने के कारण होने वाले वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिए विशेष प्रोत्साहन (इंसेंटिव) देने की मांग की है।
‘बिजनेसलाइन’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, दोनों संगठनों ने गुरुवार को केंद्रीय खाद्य सचिव संजय चोपड़ा को संयुक्त पत्र भेजकर कहा कि उद्योग ने राष्ट्रीय हित में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और त्योहारी सीजन के दौरान कीमतों को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से पेराई जल्दी शुरू करने का निर्णय लिया है। इसलिए सरकार को इससे जुड़ी वित्तीय और परिचालन संबंधी चुनौतियों का बोझ कम करने के लिए चीनी मिलों की सहायता करनी चाहिए।
रिकवरी नुकसान की भरपाई की मांग
पत्र पर ‘इस्मा’ के महानिदेशक दीपक बल्लानी और एनएफसीएसएफ के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाइकनवरे के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि, शुरुआती पेराई के कारण होने वाले चीनी रिकवरी नुकसान की आंशिक भरपाई के लिए उपयुक्त सहायता दी जाए।दोनों संगठनों ने अन्य प्रोत्साहनों की भी मांग की है, जिनमें अक्टूबर माह में उत्पादित चीनी के बराबर अतिरिक्त घरेलू बिक्री कोटा या घरेलू चीनी बिक्री पर सीजीएसटी में छूट शामिल है।
सामान्य समय से 10-15 दिन पहले पेराई का प्रस्ताव
पत्र में 17 जुलाई को सरकार के अधिकारियों के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए कहा गया कि, चीनी उद्योग ने 2026-27 चीनी सत्र (अक्टूबर-सितंबर) की पेराई सामान्य कार्यक्रम से 10-15 दिन पहले शुरू करने का प्रस्ताव रखा था, जो मौजूदा कृषि-जलवायु परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।दोनों संगठनों का कहना है कि, इस सक्रिय निर्णय से ताजा चीनी त्योहारी सीजन से पहले घरेलू बाजार में उपलब्ध हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा और पूरे देश में सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
पर्याप्त चीनी भंडार होने का दावा
इस्मा और एनएफसीएसएफ ने संयुक्त बयान में कहा कि, भारत के पास घरेलू खपत की जरूरतों को आराम से पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी भंडार मौजूद है और चीनी उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।उनका कहना है कि, पेराई जल्दी शुरू करने का प्रस्ताव सरकार के साथ मिलकर निर्बाध आपूर्ति और संतुलित घरेलू बाजार बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हालिया कीमत वृद्धि को लेकर उद्योग का पक्ष
हाल में चीनी की कीमतों में आई तेजी पर दोनों संगठनों ने कहा कि यह वास्तविक मांग-आपूर्ति स्थिति को नहीं दर्शाती।उनके अनुसार, चालू 2025-26 चीनी सत्र में जून तक देशभर में औसत एक्स-मिल चीनी कीमत 39.50-40 रुपये प्रति किलोग्राम रही, जो उत्पादन लागत से कम थी। जुलाई तक औसत प्राप्ति 40-40.50 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंची, जबकि उत्पादन लागत लगभग 42 रुपये प्रति किलोग्राम है।
खुदरा बाजार की चाल से सरकार की चिंता
उद्योग का मानना है कि, अक्टूबर 2025 से जुलाई 2026 तक की औसत प्राप्ति के उसके आंकड़े सही हैं, लेकिन सरकार की चिंता खुदरा बाजार में बढ़ती कीमतों को लेकर है, जो वास्तविक मांग-आपूर्ति की तुलना में बाजार की धारणा और संभावित कमी की आशंका से अधिक प्रभावित हैं।यह अनिश्चितता तब और बढ़ गई जब सरकार ने 24 जुलाई को चीनी मिलों में भौतिक चीनी भंडार सत्यापन का आदेश दिया। अनुमान है कि 1 अक्टूबर 2026 तक देश में उपलब्ध चीनी का स्टॉक अक्टूबर माह की खपत से थोड़ा ही अधिक होगा, जो नवंबर की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकता।
किसानों को 1.10 लाख करोड़ रुपये का भुगतान
इस्मा और एनएफसीएसएफ ने बताया कि उनकी सदस्य चीनी मिलों ने चालू चीनी सत्र में गन्ना किसानों को लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है।बयान में कहा गया कि हाल की कीमत वृद्धि को आपूर्ति संकट का संकेत नहीं, बल्कि व्यापक बाजार परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए।
शुरुआती पेराई से मिलों पर बढ़ेगा दबाव
दोनों संगठनों ने कहा कि समय से पहले पेराई शुरू करने से चीनी मिलों पर महत्वपूर्ण परिचालन और वित्तीय दबाव पड़ेगा।उनके अनुसार, इससे चीनी रिकवरी कम होगी, गन्ने की उपज घटेगी, और परिणामस्वरूप मिलों की संचालन दक्षता तथा वित्तीय व्यवहार्यता प्रभावित होगी।
सरकार ने लगाया चीनी स्टॉक सीमा आदेश
केंद्र सरकार ने 28 जुलाई को आदेश जारी कर किसी भी चीनी व्यापारी के लिए 400 टन तक का अधिकतम स्टॉक रखने की सीमा 30 नवंबर तक निर्धारित कर दी।व्यापारियों को 1 अगस्त तक अतिरिक्त स्टॉक निकालने का निर्देश दिया गया है और यह भी कहा गया है कि प्राप्त चीनी को 30 दिनों के भीतर बेचना अनिवार्य होगा।


















