चीनी उद्योग में वित्तीय दबाव को लेकर ISMA ने जताई चिंता

नई दिल्ली : भारत में 2025-26 सीजन के दौरान 30 अप्रैल तक चीनी उत्पादन बढ़कर 275.28 लाख टन हो गया है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि के 256.49 लाख टन की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक है। यह जानकारी इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) द्वारा जारी आंकड़ों में सामने आई है। एएनआई में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, सत्र के अंत के बीच ISMA ने चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में जल्द संशोधन की आवश्यकता पर जोर दिया है। संगठन के अनुसार बढ़ती उत्पादन लागत और कम एक्स-मिल कीमतों के कारण मिलों की नकदी प्रवाह पर दबाव बढ़ा है और गन्ना भुगतान बकाया में वृद्धि हुई है। महाराष्ट्र में मध्य अप्रैल तक गन्ना बकाया 2,130 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि के 752 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।

ISMA ने कहा कि, वर्तमान लागत संरचना के अनुरूप एमएसपी में समय पर वृद्धि करना आवश्यक है, ताकि मिलों की वित्तीय स्थिति सुधरे, किसानों को समय पर भुगतान हो सके और बाजार में स्थिरता बनी रहे, बिना सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाले।उद्योग संगठन ने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और बदलते वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए एथेनॉल मिश्रण को तेजी से बढ़ाने की जरूरत भी बताई। ISMA के अनुसार, लगभग 2000 करोड़ लीटर उत्पादन क्षमता (अनाज आधारित एथेनॉल सहित) के मद्देनजर E20 से आगे बढ़कर E22, E25, E27 और E85/E100 जैसे उच्च मिश्रण लक्ष्यों की दिशा में रोडमैप तैयार करना जरूरी है। इसके साथ फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देने और जीएसटी में तर्कसंगत बदलाव की भी आवश्यकता बताई गई है।ISMA ने यह भी कहा कि, एथेनॉल खरीद कीमतों में देरी से संशोधन और कम आवंटन के कारण डिस्टिलेशन क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिससे उद्योग की आय प्रभावित हो रही है। ISMA ने जोर देकर कहा कि क्षेत्र को स्थिर बनाए रखने, किसानों को समर्थन देने और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के लिए समय पर नीतिगत कदम जरूरी हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here