बेलगावी: मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि, राज्य की सभी चीनी मिलों से गन्ने का एक समान मूल्य देने की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि, प्रत्येक मिल की भुगतान क्षमता उसकी आर्थिक स्थिति, चीनी रिकवरी और बाजार की मौजूदा परिस्थितियों पर निर्भर करती है। जारकीहोली ने कहा कि, अलग-अलग चीनी मिलों और जिलों में गन्ने की खरीद कीमतों में अंतर होना स्वाभाविक है। खासकर इस साल शुष्क मौसम के कारण फसल की पैदावार प्रभावित हुई है, जिससे परिस्थितियां और चुनौतीपूर्ण हो गई हैं।
उन्होंने स्वीकार किया कि, पूरे कर्नाटक में गन्ने का एक समान मूल्य तय करने की किसानों की मांग जायज है, लेकिन इसे लागू करना व्यावहारिक नहीं होगा। आर्थिक रूप से मजबूत मिलें किसानों को अधिक कीमत दे सकती हैं, जबकि घाटे में चल रही या भारी कर्ज के बोझ से दबी मिलों के सामने भुगतान को लेकर सीमाएं हैं। मंत्री ने कहा कि, सरकार की प्राथमिकता गन्ना उत्पादक किसानों को उचित मूल्य दिलाना है। यदि किसी चीनी मिल की आर्थिक स्थिति बेहतर है और वह अधिक कीमत देने में सक्षम है, तो सरकार उसका विरोध नहीं करेगी।
उन्होंने बताया कि, किसानों और चीनी मिल मालिकों के बीच कई दौर की चर्चाओं के बाद 3,600 रुपये प्रति टन का आधार मूल्य तय किया गया था। इसके साथ लाभ-साझेदारी की व्यवस्था भी बनाई गई, जिसके तहत चीनी के दाम बढ़ने पर किसानों को अतिरिक्त भुगतान मिल सकता है। हालांकि, कुछ मिलों ने पर्याप्त गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करने और प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए इससे अधिक दरों की घोषणा की है।
जारकीहोली ने बताया कि बेलगावी, कलबुर्गी और हावेरी जिलों की चीनी मिलें अलग-अलग दरों पर गन्ने की खरीद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कर्नाटक की तुलना में परंपरागत रूप से अधिक गन्ना मूल्य दिए जाने का मुद्दा भी किसानों की अपेक्षाओं को प्रभावित कर रहा है। चीनी के कम दाम को उद्योग की सबसे बड़ी आर्थिक चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि बाजार में चीनी की कम कीमतों के कारण मिलों की आमदनी प्रभावित हो रही है। इससे किसानों को बेहतर गन्ना मूल्य देने की उनकी क्षमता सीमित हो रही है।
मंत्री ने केंद्र सरकार से चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में संशोधन करने की मांग की। उनका कहना है कि चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ने से मिलों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे किसानों को बेहतर गन्ना मूल्य देने में सक्षम होंगी।उन्होंने बताया कि, केंद्र सरकार ने एमएसपी में संशोधन की मांग पर विचार करने के लिए एक समिति गठित की है। उन्होंने केंद्र से निर्णय लेने से पहले किसानों की चिंताओं पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य में बढ़ोतरी का अंतिम फैसला केंद्र सरकार को ही लेना है।


















