टोक्यो : घटती जनसंख्या, बढ़ती बुजुर्ग आबादी और सिकुड़ते घरेलू बाजार जैसी सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे जापान का खाद्य उद्योग अब विकास के नए अवसरों के लिए भारत जैसे बड़े विदेशी बाजारों की ओर रुख कर रहा है। जापान सरकार और उद्योग जगत का मानना है कि भारत का विशाल उपभोक्ता बाजार भविष्य में उनके खाद्य और कृषि उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर सकता है। जापान में सामाजिक बदलावों के चलते उद्योगों को अपनी व्यावसायिक रणनीतियों में बदलाव करना पड़ रहा है। इसी दिशा में जापान सरकार ने 17 प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान की है, जिनमें कृषि और मत्स्य उद्योग भी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने और उत्पादों की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्लांट फैक्ट्री और भूमि आधारित मत्स्य पालन जैसी आधुनिक तकनीकों पर जोर दिया जा रहा है।
भारतीय बाजार को लेकर उत्साहित है जापान…
जापान के कृषि, वानिकी एवं मत्स्य मंत्रालय (MAFF) के उप महानिदेशक केन सासाजी ने कहा कि, भारत जापानी खाद्य उत्पादों के लिए एक विशाल बाजार है। उन्होंने बताया कि, आपूर्ति नेटवर्क स्थापित करने में समय लग सकता है, लेकिन एक बार बुनियादी ढांचा तैयार हो जाने पर इसका विस्तार लगातार होता रहेगा। उन्होंने कहा कि खाद्य उद्योग के साथ-साथ कृषि मशीनरी, कोल्ड स्टोरेज, रेफ्रिजरेशन सुविधाएं और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था जैसे सहायक क्षेत्रों में भी बड़े अवसर मौजूद हैं।
भारतीय टमाटरों से उत्पाद बना रही है जापानी कंपनी…
जापान की प्रसिद्ध खाद्य प्रसंस्करण कंपनी कागोम ने वर्ष 2018 में भारत में अपना कारखाना स्थापित किया था। कंपनी भारतीय टमाटरों का उपयोग कर पिज्जा सॉस, टमाटर सॉस और अन्य उत्पादों का निर्माण कर रही है। कंपनी अब भारतीय बाजार में अपनी उपस्थिति और मजबूत करने की योजना बना रही है। इसके तहत कच्चे माल की खरीद से लेकर प्रसंस्करण और वितरण तक एक व्यापक वैल्यू चेन विकसित करने पर काम किया जा रहा है।
भारतीय स्वाद के अनुरूप सोया सॉस विकसित करने पर काम…
जापान की प्रमुख सोया सॉस निर्माता कंपनी किक्कोमन भारतीय व्यंजनों के साथ सोया सॉस के बेहतर तालमेल पर शोध कर रही है। कंपनी फिलहाल इंडो-चाइनीज व्यंजनों पर विशेष ध्यान दे रही है और उम्मीद है कि यह शोध भारतीय स्वाद के अनुरूप नए उत्पाद विकसित करने में मदद करेगा।
जापानी निवेश के लिए जरूरी हैं बुनियादी सुविधाएं…
केन सासाजी के अनुसार, भारत में जापानी खाद्य उद्योग के विस्तार के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल की उपलब्धता, भूमि अधिकारों की स्पष्टता, कर प्रोत्साहन और निवेश प्रक्रियाओं में पारदर्शिता जैसी व्यवस्थाएं जापानी कंपनियों को भारत में निवेश के लिए अधिक आकर्षित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि, भारत सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए कर सुधारों और प्रोत्साहन योजनाओं पर काम कर रही है, जिससे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और मजबूत हो सकता है।
भारत-जापान साझेदारी को मिल सकती है नई गति…
विशेषज्ञों का मानना है कि, जापानी खाद्य उद्योग की भारत में बढ़ती रुचि से कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, कोल्ड चेन और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में नए निवेश के अवसर पैदा होंगे। दोनों देशों के बीच बेहतर समझ और सहयोग इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।















