बेलगावी: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने गुरुवार को गन्ना किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। डेक्कन क्रॉनिकल में प्रकाशित खबर के अनुसार, उन्होंने कहा कि, गन्ने के मूल्य निर्धारण से जुड़े मौजूदा विवाद को सुलझाने के लिए राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ-साथ महाराष्ट्र के नेताओं से भी बातचीत कर रही है। इस मुद्दे का असर देशभर के गन्ना किसानों पर पड़ रहा है।
उडुपी जिले के उचिला स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर के पास पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवकुमार ने कहा कि सरकार ऐसा समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है, जिससे गन्ना किसानों और चीनी मिलों, दोनों के हितों की रक्षा हो सके। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ भी चर्चा की गई है। केंद्रीय मंत्रियों ने मामले पर विचार-विमर्श के लिए एक बैठक बुलाई थी।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पिछले वर्ष गन्ना किसानों के लिए घोषित वित्तीय सहायता को जारी रखेगी।
इस बीच, बेलगावी में किसानों का आंदोलन गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। किसान दूसरे दिन भी हुब्बली की ओर अपनी पदयात्रा करते रहे।प्रदर्शनकारी गन्ने का न्यूनतम मूल्य 5,500 रुपये प्रति टन तय करने और चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) को बढ़ाकर 60 रुपये प्रति किलोग्राम करने की मांग कर रहे हैं।
बेलगावी के उपायुक्त मोहम्मद रोशन ने प्रदर्शनकारी किसानों के साथ चर्चा की। इस आंदोलन का नेतृत्व कर्नाटक राज्य रैयत संघ के प्रदेश अध्यक्ष चुनप्पा पुजेरी और शशिकांत गुरुजी कर रहे हैं। बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त प्रकाश निकम भी मौजूद रहे।
चर्चा के दौरान किसान नेताओं ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने और उनकी मांगों का समाधान जल्द से जल्द निकालने की अपील की। उन्होंने चीनी मिलों में गन्ने की पेराई तत्काल शुरू कराने की मांग भी उठाई। साथ ही, मिल मालिकों को बैठक में बुलाकर यह स्पष्ट करने को कहा कि मौजूदा पेराई सत्र में वे किसानों को गन्ने का कितना मूल्य देंगे।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि गन्ने की कीमतों को लेकर स्पष्टता होना बेहद जरूरी है, ताकि पेराई कार्य तेजी से शुरू होने से पहले किसानों को उचित मूल्य की जानकारी मिल सके। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं का बिना किसी और देरी के समाधान किया जाए।


















