कर्नाटक : गन्ने की कटाई फिर से शुरू करने की डी.के. शिवकुमार की प्रदर्शन कर रहे गन्ना किसानों से अपील

बेंगलुरु : मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शनिवार को बेलगावी में आंदोलन कर रहे गन्ना किसानों से कटाई फिर से शुरू करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि, आंदोलन जारी रहने से चीनी मिलों का कामकाज प्रभावित हो सकता है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि केंद्र सरकार द्वारा लिए गए मूल्य संबंधी फैसले के अनुसार किसानों को भुगतान मिले। शिवकुमार ने कहा कि, पहले यह सहमति बनी थी कि चीनी का मूल्य केंद्र सरकार तय करेगी और उसी के अनुसार चीनी मिलें किसानों को भुगतान करेंगी।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा किसानों को केंद्र सरकार के हस्तक्षेप का आश्वासन दिए जाने का भी उल्लेख किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, हमने कहा है कि चीनी की कीमत कम से कम 50 रुपये बढ़ाई जानी चाहिए। केंद्र सरकार ऐसा फैसला लेती है, तभी किसानों को बेहतर मूल्य दिलाना संभव होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि, पिछले आठ वर्षों में चीनी की कीमत में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिसके कारण किसानों के लिए खेती जारी रखना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर हस्तक्षेप की मांग करते हुए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। साथ ही संबंधित केंद्रीय मंत्रियों से भी संपर्क करेंगे।

ChiniMandi WhatsApp Channel

शिवकुमार ने कहा, मैं पूरी मजबूती से किसानों के साथ खड़ा हूं। इस मुद्दे पर मैंने कल प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है और उनसे हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। आंदोलन कर रहे किसानों से गन्ने को बर्बाद नहीं होने देने की अपील करते हुए शिवकुमार ने कहा कि, कटाई में देरी होने से गन्ने में रस की मात्रा कम हो सकती है और आग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि, केंद्र सरकार की ओर से राज्य को सितंबर में गन्ने की कटाई शुरू करने के निर्देश मिले थे। हालांकि, संबंधित पक्षों के साथ चर्चा में यह बात सामने आई थी कि उस समय तक फसल पर्याप्त रूप से परिपक्व नहीं होगी और गन्ने में रस की मात्रा कम हो सकती है।

उन्होंने कहा, अब देरी के कारण गन्ने को बर्बाद नहीं होने देना चाहिए। मैं किसान नेताओं से इस बात को समझने की अपील करता हूं। पहले जो सहमति बनी थी, उसका पालन किया जाना चाहिए। शिवकुमार ने भरोसा दिलाया कि, केंद्र सरकार और चीनी मिलों की ओर से लिए गए फैसलों के अनुसार किसानों को भुगतान मिले, इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार निभाएगी। उन्होंने कहा, चीनी मिलों और नई दिल्ली में संबंधित अधिकारियों द्वारा जो भी फैसला लिया जाएगा, उसके अनुरूप किसानों को भुगतान सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।

इस बीच, गन्ने के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की मांग को लेकर उत्तर कर्नाटक के किसानों ने शनिवार को आंदोलन और तेज कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर राजमार्गों को जाम किया। बेलगावी बस स्टैंड पर किसानों ने बसों के सामने धरना दिया, जबकि धारवाड़ में किसानों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूत्रों के अनुसार, विजयपुरा और बागलकोट में भी आंदोलन की खबरें सामने आई हैं।

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here