बेंगलुरु: केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से गन्ना किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की है। किसानों ने चीनी मिलों पर चीनी रिकवरी कम दिखाने, गन्ने की तौल में गड़बड़ी करने और मशीन से कटाई किए गए गन्ने पर करीब 8 प्रतिशत कटौती करने के आरोप लगाए हैं। बुधवार को शिवकुमार को लिखे पत्र में जोशी ने बताया कि, कर्नाटक के गन्ना किसान प्रतिनिधियों ने सोमवार को नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान ये मुद्दे उठाए थे। किसानों का आरोप है कि इन गड़बड़ियों के कारण उन्हें गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
चीनी रिकवरी कम दिखाने से किसानों को नुकसान
जोशी ने कहा कि, कुछ चीनी मिलों पर वास्तविक रिकवरी की तुलना में कम रिकवरी दर्ज करने के आरोप हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से मिलों द्वारा प्रस्तुत चीनी रिकवरी के आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में रिकवरी की जांच करने वाली प्रयोगशालाएं या जांच केंद्र स्थापित करने की संभावना पर भी विचार करने का सुझाव दिया।
गन्ने की तौल में गड़बड़ी रोकने पर जोर
गन्ने की तौल में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय मंत्री ने चीनी मिलों में स्थापित धर्मकांटों की नियमित जांच, सत्यापन और कैलिब्रेशन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों द्वारा मिलों को आपूर्ति किए जाने वाले गन्ने का सही वजन सुनिश्चित किया जा सकेगा और किसानों के हितों की रक्षा होगी। गन्ने की तौल और चीनी रिकवरी में पारदर्शिता लाने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।


















