कर्नाटक : किसान संगठनों के गुटों में मतभेद से गन्ना किसानों की बैठक में देरी

बेलगावी : गन्ना किसानों और चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के बीच मंगलवार को बेलगावी में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में किसानों के विभिन्न गुटों के बीच मतभेद पैदा होने से देरी हुई। बैठक में किसे शामिल किया जाए, इस मुद्दे पर किसानों के बीच विवाद शुरू हो गया। जिला प्रभारी मंत्री सतीश जारकीहोली के निर्देश पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक के लिए 50 चुनिंदा किसानों को आमंत्रित किया था। हालांकि, प्रशासन के इस फैसले से अन्य किसान नाराज हो गए। उनका कहना था कि, कुछ चुनिंदा किसान सभी किसानों के भविष्य का फैसला नहीं कर सकते।

इसके विरोध में कुछ किसान उपायुक्त कार्यालय के सामने एकत्र हुए और बैठक में शामिल होने के लिए उन्हें भी आमंत्रित करने की मांग करने लगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें कार्यालय के अंदर जाने से रोक दिया। पुलिस का कहना था कि केवल आमंत्रण पत्र वाले किसानों को ही बैठक में शामिल होने की अनुमति है। बैठक में पहले से मौजूद कुछ किसानों ने भी मांग की कि बैठक उपायुक्त कार्यालय के बजाय किसी खुले मैदान में आयोजित की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसमें शामिल हो सकें।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इस मांग को खारिज कर दिया। अधिकारियों का कहना था कि उन्हें बैठक उपायुक्त कार्यालय में आयोजित करने के निर्देश मिले हैं, बाहर खुले मैदान में नहीं। इस दौरान कुछ किसान नेताओं ने प्रशासन के अधिकारियों का समर्थन किया। इसके बाद विभिन्न किसान गुटों के सदस्यों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

गन्ने के दाम को लेकर जारी गतिरोध दूर करने के लिए प्रभारी उपायुक्त राहुल शिंदे ने किसानों और चीनी मिलों के अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। गौरतलब है कि किसान चीनी मिलों से प्रति टन गन्ने के लिए 4,500 रुपये भुगतान करने की मांग कर रहे हैं, जबकि चीनी मिलें 3,650 रुपये प्रति टन की मौजूदा उचित एवं लाभकारी कीमत (एफआरपी) के अनुसार भुगतान जारी रखना चाहती हैं। इससे पहले 26 अक्टूबर को सुवर्ण विधान सौध में मुख्यमंत्री की बैठक से पहले भी विभिन्न किसान गुटों के सदस्यों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। उस समय भी मांगों को लेकर स्पष्टता नहीं होने के कारण किसानों के बीच मतभेद सामने आए थे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here