हुब्बली: कर्नाटक राज्य रैयत संघ और हसिरु सेना के नेतृत्व में मंगलवार को हजारों गन्ना किसानों ने रानी चेन्नम्मा सर्कल पर बड़ा प्रदर्शन किया। किसानों ने गन्ने की उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) बढ़ाने और स्वामीनाथन समिति की सिफारिशों को पूरी तरह लागू करने की मांग की। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन में कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों के साथ पड़ोसी राज्यों के किसान भी शामिल हुए।
महाराष्ट्र के गन्ना किसान भी आंदोलन में शामिल
महाराष्ट्र के गन्ना किसानों ने भी इस आंदोलन में भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी के दिल्ली आकर चर्चा करने के निमंत्रण को स्वीकार नहीं किया। किसानों ने हुब्बली में मौजूद नहीं रहने को लेकर जोशी की आलोचना की और गन्ने की न्यूनतम कीमत 5,500 रुपये प्रति टन तय करने के साथ एफआरपी में संशोधन की मांग की।किसानों ने कृषि उपज के दाम वैज्ञानिक तरीके से तय करने और लंबे समय से लंबित महादयी परियोजना को लागू करने की भी मांग उठाई।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता शशिकांत गुरुजी ने कहा कि, केंद्र सरकार जब तक किसानों से बातचीत कर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि, पिछले नौ वर्षों से गन्ने का समर्थन मूल्य पर्याप्त रूप से नहीं बढ़ा है और इसे दोगुना किया जाना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश और गुजरात की तर्ज पर कर्नाटक में भी इथेनॉल की खरीद व्यवस्था लागू करने की मांग की।
सोशल मीडिया पर जोशी द्वारा किसानों को दिल्ली आकर बातचीत करने के निमंत्रण वाले वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए शशिकांत ने कहा कि, किसानों को उनकी मांगों पर चर्चा के लिए प्रदर्शन स्थल पर ही बातचीत का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने जोशी से आंदोलन स्थल पर पहुंचकर किसानों की मांगें सुनने और कार्रवाई का आश्वासन देने की मांग की।शशिकांत ने कहा कि, यदि मंत्री किसानों को सम्मान देंगे तो किसान भी उनका सम्मान करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि जोशी शाम तक प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचे तो आंदोलन का अगला स्वरूप अलग हो सकता है।
किसानों का उत्पादन लागत बढ़ने का दावा
कर्नाटक राज्य रैयत संघ और हसिरु सेना के प्रदेश अध्यक्ष चुन्नप्पा पुजारी ने कहा कि, चीनी की कीमतों और खेती की लागत में बढ़ोतरी के अनुरूप गन्ना किसानों को पर्याप्त रिटर्न नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि, एक टन गन्ना उत्पादन की लागत करीब 4,500 रुपये है, जबकि किसानों को इसके मुकाबले पर्याप्त भुगतान नहीं मिल रहा है।पुजारी ने गन्ने की FRP बढ़ाने और गन्ने तथा चीनी के बेहतर दाम सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने इथेनॉल खरीद को लेकर भी चिंता जताते हुए दावा किया कि कर्नाटक में खरीद का स्तर गुजरात और उत्तर प्रदेश की तुलना में कम है। उन्होंने राज्य में स्थापित इकाइयों द्वारा उत्पादित इथेनॉल की 100% खरीद सुनिश्चित करने की मांग सरकार से की।
किसानों की कर्जमाफी की मांग
कर्नाटक राज्य रैयत संघ के सचिव विद्यासागर ने आरोप लगाया कि, सरकारें किसानों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही हैं। किसानों की आय दोगुनी करने और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने से जुड़े वादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरी ओर उर्वरक की कीमतें और खेती की लागत बढ़ती जा रही है। विद्यासागर ने किसानों की पूर्ण कर्जमाफी की मांग भी उठाई। साथ ही उन्होंने कृषि उपज के लिए किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।


















