बेलगावी : भारतीय कृषक समाज (BKS) से जुड़े किसानों ने कर्नाटक सरकार से गन्ना विकास एवं चीनी निदेशालय को बेलगावी स्थानांतरित करने, किसानों के लंबित गन्ना भुगतान को तत्काल जारी करने और सूखा प्रभावित किसानों को 25,000 रुपये प्रति एकड़ की राहत देने की मांग की है। द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसानों ने इन मांगों को लेकर सरकार से कार्रवाई की अपील की है। BKS के अध्यक्ष सिदागौड़ मोदगी के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को बेलगावी के उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि, यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
2019 और 2021 में जारी हुई थी अधिसूचना
सिदागौड़ मोदगी ने कहा कि, उत्तर कर्नाटक के विकास को गति देने और किसानों के लिए चीनी विभाग से संबंधित सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से सरकार ने वर्ष 2019 और 2021 में गन्ना विकास एवं चीनी निदेशालय को बेलगावी स्थानांतरित करने की अधिसूचना जारी की थी। हालांकि, प्रशासनिक देरी के कारण इस निर्णय को अब तक लागू नहीं किया गया है, ऐसा आरोप उन्होंने लगाया। मोदगी ने कहा कि कर्नाटक के कुल गन्ना उत्पादन का 80 फीसदी से अधिक हिस्सा उत्तर कर्नाटक में होता है। इसके बावजूद किसानों को चीनी विभाग से जुड़े कामों के लिए बेंगलुरु जाना पड़ता है।
2025-26 में 73 चीनी मिलों ने 4.7 करोड़ टन गन्ने की पेराई की
मोदगी के अनुसार, वर्ष 2025-26 के गन्ना पेराई सत्र में 12 जिलों की 73 चीनी मिलों ने करीब 4.7 करोड़ टन गन्ने की पेराई की और 49.6 लाख टन चीनी का उत्पादन किया। उन्होंने बताया कि, 18 चीनी मिलों ने अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि से जुड़े मामले में अदालत से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त किया है। इसके कारण किसानों को दी जाने वाली 69.6 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अभी तक लंबित है।
किसानों को लंबित भुगतान तत्काल देने की मांग
भारतीय कृषक समाज ने सरकार से अदालत के स्थगन आदेश को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने और किसानों की लंबित राशि का बिना किसी और देरी के भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने सूखे से प्रभावित गन्ना किसानों के लिए 25,000 रुपये प्रति एकड़ की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।


















