कर्नाटक: गन्ने के ऊंचे दाम की मांग को लेकर बागलकोट के किसानों का आंदोलन जारी, बेलगावी में चीनी मिलों ने शुरू की पेराई

बेलगावी: बागलकोट जिले के मुधोल, बागलकोट और जमखंडी के किसान महाराष्ट्र की तर्ज पर गन्ने का मूल्य निर्धारित करने की मांग कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि, महाराष्ट्र में तय किए गए मूल्य समझौते की तरह यहां भी चीनी मिलें पहले चरण में ₹3,900 प्रति टन भुगतान करें और इसके बाद ₹100 प्रति टन अतिरिक्त दें। साथ ही, यदि थोक बाजार में चीनी की कीमत ₹45 प्रति किलो से अधिक होती है, तो किसानों को ₹200 प्रति टन अतिरिक्त भुगतान किया जाए। यह जानकारी द हिंदू की रिपोर्ट में दी गई है।

अपनी मांगों को लेकर किसानों ने मुधोल के सांगोली रायन्ना सर्कल में एकत्रित होकर चीनी मिलों और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेता ईरप्पा हंचिनाल ने कहा कि, किसानों की मांगें उचित गणना पर आधारित हैं और इन्हें अनुचित नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि जब चीनी मिलों को मुनाफा होता है, तो किसानों को भी उसका लाभ मिलना चाहिए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हंचिनाल ने स्पष्ट किया कि, जब तक चीनी मिलें किसानों को ₹4,200 से ₹4,250 प्रति टन गन्ना मूल्य देने का आश्वासन नहीं देतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच, विजयपुरा के गन्ना उत्पादक किसान भी मांग कर रहे हैं कि बेलगावी में सहमति से तय किए गए ₹3,600 प्रति टन गन्ना मूल्य और मुनाफा साझा करने के फॉर्मूले को पूरे कर्नाटक में लागू किया जाए।

बेलगावी में बकाया भुगतान नहीं करने वाली मिलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

बेलगावी में किसान नेता गणेश इलिगेर सहित अन्य किसान नेताओं ने मंगलवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने लंबे समय से किसानों का बकाया भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। बेलगावी जिले की कुल 29 चीनी मिलों में से 12 मिलों ने सर्कुलर जारी कर सहमत मुनाफा-साझाकरण फॉर्मूले के अनुसार भुगतान करने की जानकारी दी है। हालांकि, कुछ चीनी मिलों ने पहले से तय कीमत से अधिक दरों की घोषणा भी की है।

बेडकिहाल स्थित वेंकटेश्वर शुगर फैक्ट्री ने पहले चरण में ₹3,900 प्रति टन का आधार मूल्य देने की घोषणा की है। यदि चीनी की कीमत ₹45 प्रति किलो से अधिक होती है, तो किसानों को कुल ₹4,200 प्रति टन तक भुगतान किया जाएगा।इसी तरह, कागवाड़ स्थित शिरगुप्पी शुगर्स ने पहले चरण में ₹3,700 प्रति टन देने की घोषणा की है। इसके बाद ₹100 प्रति टन अतिरिक्त और चीनी की कीमत निर्धारित सीमा से अधिक होने पर ₹200 प्रति टन और देने की बात कही है।

गन्ने की कीमतों की घोषणा करने वाली अन्य मिलों में मंत्री सतीश जरकीहोली के स्वामित्व वाली सतीश शुगर्स और बेलगावी शुगर्स, पूर्व मंत्री डी.बी. इनामदार के परिवार की इनामदार शुगर्स, हेब्बालकर परिवार की हर्षा शुगर्स, गुडगुंटी शुगर्स, गोकाक शुगर्स, श्री रेणुका शुगर्स, चिदानंद कोरे सहकारी चीनी मिल और EID पैरी की इकाई शामिल हैं।हालांकि, जिले की कई अन्य चीनी मिलों ने अभी तक गन्ने की कीमतों की घोषणा नहीं की है।

महाराष्ट्र की चीनी मिलों से मिल रही बेहतर कीमतों के कारण बढ़ा दबाव

कर्नाटक की चीनी मिलों पर किसानों को बेहतर गन्ना मूल्य देने का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसकी प्रमुख वजह यह है कि चिक्कोडी, निप्पानी, रायबाग, कागवाड़, अथणी और हुक्केरी जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों के किसान अपना गन्ना पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र की चीनी मिलों को भेज सकते हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र की चीनी मिलों के बीच गन्ने की कीमत में ₹300 से ₹600 प्रति टन तक का अंतर किसानों को महाराष्ट्र की ओर अपना गन्ना भेजने के लिए प्रोत्साहित कर सकता है।किसान नेता चुनप्पा पुजेरी ने कहा कि, महाराष्ट्र की मिलों को गन्ने की आपूर्ति जाने से बचाने के लिए कर्नाटक की चीनी मिलें किसानों को अधिक कीमत देने की पेशकश कर सकती हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here