कर्नाटक: किसानों का एक महीने से जारी आंदोलन खत्म, बेलगावी की चीनी मिलों में 2026-27 का गन्ना पेराई सीजन शुरू होगा

बेलगावी : कर्नाटक के बेलगावी जिले की चीनी मिलों में 2026-27 का गन्ना पेराई सीजन जल्द शुरू होने जा रहा है। गन्ने के उचित दाम की मांग को लेकर किसानों द्वारा करीब एक महीने से किया जा रहा आंदोलन भुगतान बढ़ाने और मुनाफे में हिस्सेदारी देने के समझौते के बाद समाप्त हो गया है। डेक्कन हेराल्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, चीनी मिलों ने किसानों को 3,600 रुपये प्रति टन गन्ने का भुगतान करने और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी से होने वाले अतिरिक्त मुनाफे में हिस्सा देने पर सहमति जताई है।

यह सहमति 3 और 4 नवंबर को किसान संगठनों तथा चीनी मिल प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठकों के बाद बनी। जिला प्रभारी मंत्री सतीश जारकीहोली ने इन चर्चाओं में मध्यस्थता की। समझौते के बाद किसानों ने अपना आंदोलन वापस लेने का फैसला किया। इस समझौते से चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है। आंदोलन के कारण पेराई सीजन एक महीने से अधिक समय तक विलंबित हो चुका था। पिछले सप्ताह कुछ चीनी मिलों ने सीजन की शुरुआत के प्रतीक के रूप में अपनी भट्टियां जलाई थीं, लेकिन विरोध प्रदर्शन के चलते वास्तविक गन्ना पेराई और कटाई का काम रुका हुआ था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बेलगावी जिले में कुल 29 चालू चीनी मिलें हैं। इनमें 12 निजी क्षेत्र की और 17 सहकारी चीनी मिलें शामिल हैं। ये मिलें मुख्य रूप से मशीनों के माध्यम से गन्ने की कटाई करती हैं। इसके अलावा गन्ना कटाई के लिए महाराष्ट्र से भी श्रमिक दल बुलाए जाते हैं। इस आंदोलन का नेतृत्व कर्नाटक राज्य रैयत संघ और हसिरू सेना ने किया। किसान संगठनों की मांग थी कि गन्ने का ऐसा लाभकारी मूल्य दिया जाए, जिससे खेती की लागत पूरी हो सके और किसानों को उचित मुनाफा मिले। इसके साथ ही चीनी और उसके उप-उत्पादों की बिक्री से होने वाली आय में भी किसानों को हिस्सा दिया जाए।

किसानों ने शुरुआत में प्रति टन 5,500 रुपये गन्ना मूल्य की मांग रखी थी। इसमें चीनी मिलों से 4,500 रुपये और सरकार की ओर से 1,000 रुपये प्रति टन सहायता भुगतान शामिल था। किसानों की मांग थी कि सरकार यह सहायता चीनी और उसके उप-उत्पादों की बिक्री से मिलने वाले कर राजस्व के माध्यम से दे। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार से चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) मौजूदा 31 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति किलो करने की मांग भी की थी।

पिछले एक महीने के दौरान आंदोलन तेज हो गया था। किसानों ने निप्पानी तालुका के कोगनोली, हुक्केरी तालुका के हट्टारगी और बेलगावी तालुका के हिरेबागेवाड़ी स्थित टोल प्लाजा पर पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित किया था।किसानों ने हुबली में केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास का घेराव करने के लिए मार्च भी आयोजित किया था। हालांकि, जोशी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 26 नवंबर तक उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा, जिसके बाद यह मार्च स्थगित कर दिया गया।

आंदोलन के बाद प्रह्लाद जोशी ने किसानों की मांगों पर विचार करने के लिए एक समिति गठित की। समिति को गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में बढ़ोतरी, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य में संशोधन और आंदोलनकारी संगठनों की अन्य मांगों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई।इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने चन्नम्मा कित्तूर में आंदोलन कर रहे किसानों से मुलाकात की थी। इसके बाद बेलगावी के सुवर्ण विधान सौधा और सर्किट हाउस में भी किसानों के साथ बातचीत हुई, लेकिन इन प्रयासों से विवाद का समाधान नहीं निकल सका। आखिरकार 2 नवंबर को किसानों ने जेल भरो आंदोलन शुरू करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में गिरफ्तारी देने की पेशकश की।

अंततः 3 और 4 नवंबर को सतीश जारकीहोली के नेतृत्व में हुई बातचीत के बाद गतिरोध समाप्त हुआ। चीनी मिलों ने 3,600 रुपये प्रति टन भुगतान और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के आधार पर मुनाफे में हिस्सेदारी देने पर सहमति जताई।कर्नाटक राज्य रायथा संघ और हसिरू सेना के प्रदेश अध्यक्ष चुनप्पा पुजेरी ने बताया कि समझौते के बाद दोनों संगठनों ने आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दुनिया भर में गन्ने की कमी को देखते हुए चालू सीजन में किसानों को प्रति टन 4,350 रुपये तक मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू होगा और गन्ने की कटाई भी जल्द शुरू की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here