मैसूरु: कर्नाटक राज्य गन्ना उत्पादक संघ ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री एवं बेलगावी जिला प्रभारी मंत्री सतीश जरकीहोली द्वारा गन्ने का मूल्य ₹3,600 प्रति टन घोषित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि, जिले की कई चीनी मिलों ने इससे अधिक कीमत देने की घोषणा की है। ‘द हिंदू’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के अध्यक्ष कुरुबुर शांतकुमार ने कहा कि बेलगावी जिले की कुछ चीनी मिलों ने स्वेच्छा से गन्ने का भाव ₹4,000 प्रति टन घोषित किया है, जबकि मंत्री ने ₹3,600 प्रति टन की दर तय की है। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार का यह फैसला किसानों के हितों के खिलाफ है और चल रहे किसान आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश है।
किसान संगठन ने राज्य सरकार से रंगराजन समिति की सिफारिशों के आधार पर राज्य परामर्श मूल्य (SAP) लागू करने की मांग की है। समिति के फॉर्मूले के अनुसार, चीनी मिलों को अपने सह-उत्पादों से होने वाली आय का एक हिस्सा गन्ना किसानों के साथ साझा करना चाहिए। इसके अलावा, संगठन ने विशेष रूप से कावेरी क्षेत्र के किसानों के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) में संशोधन की मांग भी की है।शांतकुमार ने बताया कि, पिछले सप्ताह बेंगलुरु में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने चीनी एवं वस्त्र मंत्री रुद्रप्पा लामाणी से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने उनसे 20 नवंबर से पहले मुख्यमंत्री के साथ बैठक आयोजित कराने का अनुरोध किया, ताकि कर्नाटक में SAP लागू करने और FRP में संशोधन को लेकर चर्चा की जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि, मैसूरु और मांड्या जिलों की कई चीनी मिलें किसानों को उचित मूल्य नहीं दे रही हैं। कटाई, परिवहन और मजदूरी का खर्च काटने के बाद किसानों को केवल ₹2,200 से ₹2,500 प्रति टन ही मिल रहे हैं। कावेरी क्षेत्र में गन्ने की कम पैदावार को देखते हुए संगठन ने ₹4,000 से ₹4,500 प्रति टन तक गन्ना मूल्य देने की मांग की है। साथ ही, चीनी मिलों में गन्ने की तौल के दौरान कथित अनियमितताओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई है। इस मुद्दे पर किसान प्रतिनिधिमंडल पहले ही जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुका है।
संगठन ने गन्ने की कटाई के मौसम में मजदूरी दरों में लगातार हो रही वृद्धि और उतार-चढ़ाव पर भी चिंता जताई है। शांतकुमार ने आरोप लगाया कि कुछ चीनी मिलों ने जून में ₹500 प्रति टन रहने वाला कटाई खर्च बढ़ाकर नवंबर में ₹1,000 प्रति टन कर दिया है। उन्होंने कहा कि मजदूरी दरों को नियंत्रित करने के लिए कोई नियामक व्यवस्था नहीं होने से किसानों का शोषण हो रहा है। इस बीच, कुछ किसानों ने तमिलनाडु सरकार द्वारा दिए जा रहे ₹600 प्रति टन के अतिरिक्त समर्थन मूल्य का हवाला देते हुए कर्नाटक सरकार से भी ₹1,000 प्रति टन अतिरिक्त सहायता राशि देने की मांग की है।
16 नवंबर को राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन
देश के विभिन्न राज्यों के गन्ना उत्पादक किसान 16 नवंबर को बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में हिस्सा लेंगे। इस संगोष्ठी में गन्ने के मूल्य निर्धारण और किसानों को मिलने वाले लाभ पर चर्चा की जाएगी। शांतकुमार के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और गुजरात सहित कई राज्यों के किसान प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा, कर्नाटक राज्य गन्ना उत्पादक संघ ने राज्य सरकार से विधान परिषद में एक किसान को सदस्य के रूप में नामित करने की मांग की है। संगठन इस संबंध में राज्यपाल को पहले ही ज्ञापन सौंप चुका है।


















