बेंगलुरु: कृषि मंत्री एन. चालुवरायस्वामी ने राज्य की 173 करोड़ रुपये की हाई-टेक कृषि मशीनीकरण योजना के प्रभावों को साझा किया। राज्य की इस पहली तरह की पहल के तहत पिछले तीन वर्षों में 524 “हाई-टेक हार्वेस्ट हब” स्थापित किए गए हैं। इस योजना ने किसानों की अनियमित प्रवासी मजदूरों पर निर्भरता को काफी हद तक कम किया है। किसानों को अब भारी कंबाइन हार्वेस्टर और यांत्रिक गन्ना कटाई मशीन जैसी आधुनिक कृषि मशीनें सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
योजना के तहत एक करोड़ रुपये मूल्य की इकाई पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लाभार्थियों को 50 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल रही है, जबकि सामान्य वर्ग के उद्यमियों को 40 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि, आजादी के बाद देश में किसी भी राज्य ने किसी किसान या कृषि उद्यमी को 50 लाख रुपये तक की सब्सिडी नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि, 10 से 20 हजार रुपये की छोटी सहायता अब कृषि संकट जैसी बड़ी समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती।
मंत्री के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में राज्यभर में इन हाई-टेक हब का विस्तार किया गया है, जिससे विशेष रूप से गन्ना कटाई कार्य अधिक प्रभावी हुआ है। उन्होंने बताया कि, पहले राज्य के कृषि क्षेत्रों में प्रवासी मजदूरों की भारी कमी रहती थी और किसान शोषण का शिकार होते थे। कई बार मजदूर दूसरे राज्यों से आकर लाखों रुपये एडवांस लेते थे और कुछ दिनों बाद काम छोड़कर चले जाते थे। चालुवरायस्वामी ने कहा कि, इस योजना ने किसानों की मैनुअल श्रम पर निर्भरता कम कर उनकी पूंजी को सुरक्षित किया है।
राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के तकनीकी आंकड़ों के अनुसार, पारंपरिक तरीकों से आधुनिक मशीन आधारित कटाई की ओर बढ़ने से गन्ने की पैदावार में प्रति एकड़ 5 से 10 टन तक की वृद्धि हुई है। वहीं यांत्रिक रोपाई तकनीक अपनाने से उत्पादन में अतिरिक्त 10 टन तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कृषि मंत्री ने यह भी घोषणा की कि जून के पहले सप्ताह में किसानों के लिए एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इस ऐप के जरिए किसानों को बाजार भाव, कृषि परिस्थितियों और खेती से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान और जानकारी मिल सकेगी।


















