बेलगावी : कर्नाटक राज्य रायथा संघ और हसिरू सेना के अध्यक्ष चुनप्पा पुजेरी ने केंद्र सरकार से 12 अक्टूबर को होने वाली बैठक में गन्ना किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, पुजेरी ने कहा कि किसानों के संगठनों को इस बैठक के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। इससे किसान समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ पर्याप्त विचार-विमर्श नहीं किए जाने को लेकर चिंता बढ़ गई है।
उन्होंने गन्ने के लिए लाभकारी और उचित मूल्य तय करने, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) में संशोधन करने, चीनी मिलों द्वारा किसानों के बकाये का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और किसानों की आजीविका की रक्षा के लिए ठोस उपाय करने की मांग की। पुजेरी के अनुसार, खेती की बढ़ती लागत और गन्ने से मिलने वाला अपर्याप्त दाम किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने गन्ने का मूल्य तय करने के लिए वैज्ञानिक और न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने की मांग की।
12 अक्टूबर की बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा
12 अक्टूबर को होने वाली बैठक में गन्ने के मूल्य निर्धारण, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य, एथेनॉल नीति और चीनी मिलों पर किसानों के लंबित बकाये जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पुजेरी ने कहा कि, किसानों को 12 अक्टूबर की बैठक से काफी उम्मीदें हैं। यदि सरकार किसानों की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं देती है, तो राज्यभर में आंदोलन तेज करने के अलावा किसानों के पास कोई विकल्प नहीं बचेगा।
किसानों की प्रमुख मांगें –
गन्ने के लिए लाभकारी और उचित मूल्य तय किया जाए।
चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य में बढ़ोतरी की जाए।
चीनी मिलों द्वारा किसानों के बकाये का समय पर भुगतान किया जाए।
बढ़ती उत्पादन लागत को ध्यान में रखते हुए गन्ने का मूल्य तय किया जाए।
गन्ना किसानों की आजीविका की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।



















Kalaburagi ke sabhi company se hum ganne ki ret se sehmat nahi hai
farmers are the back bone of the country. all citizens must have a cooperative to get there right.