हुब्बली: कर्नाटक शुगरकेन ग्रोअर्स एसोसिएशन ने केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी से गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) बढ़ाकर कम से कम 4,500 रुपये प्रति टन करने की मांग की है। संगठन ने इसके लिए सूखे की स्थिति, खेती और मजदूरी की बढ़ती लागत तथा गन्ने की घटती पैदावार को प्रमुख कारण बताया है। द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, संगठन ने किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह मांग रखी है।गुरुवार को हुब्बली में मीडिया को संबोधित करते हुए संगठन के राज्य अध्यक्ष कुरुबुर शांतकुमार ने कहा कि, गन्ना किसान गंभीर वित्तीय दबाव में हैं। कम बारिश के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है, जबकि उर्वरक, मजदूरी और खेती की लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने पिछले वर्ष किसानों द्वारा आपूर्ति किए गए गन्ने से दर्ज शुगर रिकवरी के आधार पर FRP भुगतान तय करने की मौजूदा व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। उन्होंने इस प्रणाली को “अवैज्ञानिक” और किसानों के लिए अनुचित बताते हुए इसमें तत्काल बदलाव की मांग की।संगठन ने गन्ने के रस और सिरप से सीधे एथेनॉल उत्पादन पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने की भी मांग की। शांतकुमार ने कहा कि, नियामकीय आवश्यकताओं के अधीन किसानों को छोटे स्तर की इकाइयों के माध्यम से एथेनॉल उत्पादन की अनुमति दी जानी चाहिए। उनके अनुसार, एथेनॉल उत्पादन के अधिक अवसर किसानों के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत बन सकते हैं और वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।
संगठन के मुताबिक, कर्नाटक के कई हिस्सों में सूखे और अपर्याप्त बारिश के कारण गन्ने का उत्पादन और पैदावार कम हुई है। वहीं, बढ़ती मांग के बीच चीनी की कीमतों में वृद्धि हुई है। शांतकुमार ने कहा कि सरकार द्वारा चीनी मिलों को समय से पहले पेराई शुरू करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।संगठन ने कर्नाटक सरकार से उन चीनी मिलों के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधान लागू करने की भी मांग की, जिन पर कथित तौर पर सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने और बार-बार अदालतों से स्थगन आदेश हासिल करने का आरोप है।
इसके अलावा, संगठन ने धारवाड़ और हलीयाल क्षेत्रों के किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए काली नदी जोड़ो परियोजना को तत्काल लागू करने की मांग की। सूखा प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग करते हुए शांतकुमार ने कर्नाटक में फसल ऋण माफ करने की मांग की। उन्होंने कृषि पंपसेटों के लिए पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी अपील की। उनका आरोप है कि पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण फसलें सूख रही हैं। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के हालिया एपीएमसी यार्ड दौरे पर टिप्पणी करते हुए शांतकुमार ने कहा कि सरकार को इसके बजाय राज्यभर की एपीएमसी में किसानों से कथित तौर पर लिए जा रहे 10% कमीशन की प्रथा पर ध्यान देना चाहिए। संगठन के राज्य महासचिव महेश बेलगाउंकर, उपाध्यक्ष सुरेश एम. पाटिल और अन्य पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।


















